Moradabad : भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव जालपुर में एक 50 वर्षीय किसान का शव गन्ने के खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने दो युवकों पर घर से बुलाकर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। घटना की पृष्ठभूमि में एक शादी समारोह में हुए विवाद को शांत कराना बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जालपुर निवासी 50 वर्षीय संतोष सिंह पुत्र भीम सिंह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। मृतक के भाई मनीष सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब सात बजे भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव मंडैया देवीपुरा से जालपुर स्थित केएस गोल्डन रिसोर्ट में एक बारात आई थी। समारोह के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद हो गया। मौके पर पहुंचे संतोष सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। परिजनों का आरोप है कि संतोष का यह बीच-बचाव हिमायूपुर निवासी नरेश और उसके भाई को नागवार गुजरा।
विवाद सुलझाने के बाद संतोष वापस अपने घर आ गए थे, लेकिन आरोप है कि रात करीब नौ बजे दोनों आरोपी उनके घर पहुंचे और उन्हें बहाने से अपने साथ बुलाकर ले गए। जब काफी देर तक संतोष घर वापस नहीं लौटे, तो अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात करीब 12 बजे खोजबीन के दौरान गांव से लगभग ढाई सौ मीटर दूर एक गन्ने के खेत में संतोष अचेत और लहूलुहान अवस्था में पड़े मिले। उनके चेहरे पर चोट के गहरे निशान थे, जिससे परिजन मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं।
आनन-फानन में परिजन उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर भोजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वहां मौजूद चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद संतोष को मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि संतोष की पत्नी का करीब दस साल पहले बीमारी के कारण निधन हो चुका था। अब उनके दो बेटों अनुज व तनुज और बेटी चंचल के सिर से पिता का साया भी उठ गया है। परिवार के मुखिया की इस असामयिक मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जताई हत्या की आशंका










