
भास्कर समाचार सेवा
नगीना। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के निर्देश पर नगीना पुलिस ने नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर क्षेत्र के अपराधियों की कुंडली खंगालनी शुरु कर दी है। कोतवाल रविन्द्र कुमार वशिष्ठ के अनुसार निकाय चुनाव में किसी भी तरह का माहौल न हो उसके लिए अपराधियों व खुराफातियों की सूची तैयार की गई है जिससे चुनाव से पूर्व ही ऐसे तत्वों पर लगाम कसी जा सके।
पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने आगामी 04 मई को जनपद में होने वाले नगर निकाय चुनाव को भयमुक्त व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपराधियों के खिलाफ कार्रवाही आदेश दे रखे है। नगीना पुलिस ने पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के आदेश का पालन करते हुए निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए क्षेत्र के हर छोटे बडे अपराधियों, खुराफातियों व असमाजिक तत्वों की कुंडली खंगालनी शुरु कर दी है।

कोतवाल रविन्द्र कुमार वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि निकाय चुनाव में किसी भी तरह का माहौल खराब न हो और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके उसके लिए क्षेत्र के कई छोटे बडे अपराधियों व खुराफातियों की सूची तैयार की गई है तथा कई और अपराधी व असमाजिक तत्वों की कुंडली खंगाली जा रही है जिससे चुनाव से पूर्व ही उन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाही की जा सके। कोतवाल रविन्द्र कुमार वशिष्ठ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके रहते चुनाव में किसी ने भी अफवाह फैलाई या क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास किया तो चाहे वो कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नही जाएगा।












