नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार का दिन किसी फिल्मी क्लाइमेक्स से कम नहीं रहा। दिल्लीवासियों ने महज 24 घंटों के भीतर मौसम के तीन अलग-अलग मिजाज देखे। सुबह की शुरुआत उमस भरी गर्मी के साथ हुई, दोपहर में सूरज ने आग उगली और शाम होते-होते धूल भरी आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश ने पूरे शहर को सराबोर कर दिया। हालांकि, यह राहत केवल चंद घंटों की मेहमान है क्योंकि मौसम विभाग ने वीकेंड पर फिर से ‘लू’ चलने का अलर्ट जारी किया है।
गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड: 41 डिग्री तक पहुंचा पारा
शुक्रवार लगातार चौथा ऐसा दिन था जब दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में रही। सफदरजंग मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे उच्चतम स्तर है। यह सामान्य तापमान से 4 डिग्री अधिक था। दोपहर के वक्त लू के थपेड़ों और उमस ने लोगों का घरों से निकलना दूभर कर दिया था।
शाम को अचानक बदला मिजाज: 55 किमी की रफ्तार से चली हवाएं
जब लोग गर्मी से बेहाल थे, तभी शाम करीब 4 बजे मौसम ने ऐसी करवट ली कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान भी धरे के धरे रह गए। पालम और आसपास के इलाकों में 55 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली। धूल के गुबार के कारण दृश्यता (Visibility) काफी कम हो गई और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। आंधी के तुरंत बाद शुरू हुई तेज बारिश ने दिल्ली-एनसीआर को पूरी तरह भिगो दिया।
बारिश से मिली राहत, पर ट्रैफिक ने किया परेशान
बारिश की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सफदरजंग में 10.4 मिलीमीटर और पालम में 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस अचानक आए बदलाव के कारण तापमान में 4 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आई, जिससे तपती दिल्ली को बड़ी राहत मिली। हालांकि, इस जलजमाव और आंधी के कारण कई मुख्य मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे दफ्तर से घर लौट रहे यात्री घंटों फंसे रहे।
क्यों बदला अचानक मौसम? मौसम विभाग का खुलासा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दिल्ली में यह अचानक आया बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और दक्षिण पंजाब से मध्य प्रदेश तक सक्रिय एक ट्रफ लाइन के कारण हुआ। विभाग ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल ‘नाउकास्ट’ (Nowcast) जारी किया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी।
सावधान! वीकेंड पर फिर लौटेगी भीषण गर्मी
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट दिल्लीवासियों की चिंता बढ़ाने वाली है। विभाग के मुताबिक, शनिवार और रविवार को बारिश या आंधी की कोई संभावना नहीं है।
-
शनिवार: अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
-
रविवार: पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
आसमान में आंशिक रूप से बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन धूप की तल्खी और उमस एक बार फिर लोगों को परेशान करेगी।















