NEET UG Re-Exam 2026: नीट री-एग्जाम से पहले पेपर लीक के नाम पर महाठगी! राजस्थान-बिहार से 3 शातिर गिरफ्तार

अहमदाबाद: नीट-यूजी (NEET UG 2026) की दोबारा होने वाली परीक्षा से ठीक पहले देश के हजारों छात्रों के भविष्य और भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बहुत बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन पेपर दिलाने के नाम पर देशव्यापी ठगी करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित एक्शन लेते हुए राजस्थान और बिहार से तीन मास्टरमाइंड आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए शातिरों पर आरोप है कि वे आगामी 21 जून को होने वाले नीट री-एग्जाम और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के असली पेपर एडवांस में उपलब्ध कराने का झांसा देकर अब तक 1,000 से ज्यादा सीधे-साधे स्टूडेंट्स और उनके पेरेंट्स से लाखों रुपये ऐंठ चुके हैं।

44 वेबसाइट्स और 8 टेलीग्राम चैनलों का मायाजाल; फर्जी स्क्रीनशॉट से जीतते थे भरोसा

साइबर क्राइम ब्रांच की जांच में जो खुलासा हुआ है, वह बेहद चौंकाने वाला है। राजस्थान से गिरफ्तार किए गए आरोपी सुमेर सिंह मीना और आकाश मीना ने इंटरनेट पर ठगी का पूरा साम्राज्य फैला रखा था। इन दोनों ने मिलकर 44 फर्जी वेबसाइट्स और 8 टेलीग्राम चैनल बना रखे थे। इन चैनलों पर वे ‘NEET Paper Leak’ का दावा करते थे।

छात्रों और अभिभावकों को अपने जाल में फंसाने के लिए ये आरोपी टेलीग्राम पर फर्जी पेमेंट के स्क्रीनशॉट और नकली छात्रों के ‘थैंक्यू’ (धन्यवाद) मैसेज पोस्ट करते थे। गिरोह यह झूठा दावा भी करता था कि उनके द्वारा पहले दिए गए पेपरों का 70 से 80 फीसदी हिस्सा बिल्कुल सही निकला था। इस झांसे में आकर परेशान पेरेंट्स अपने बच्चों के डॉक्टर बनने के सपने को पूरा करने के लिए इन्हें 15 हजार रुपये से लेकर 80 हजार रुपये तक आसानी से ट्रांसफर कर देते थे। पैसे मिलने के बाद आरोपी उन्हें पुराने या पूरी तरह से फर्जी प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी (Answer Key) थमा देते थे।

बिहार का ‘नवीन’ करता था अनोखा फ्रॉड: बदल देता था लॉगिन पासवर्ड

वहीं, इस गिरोह का दूसरा सिरा बिहार से जुड़ा है, जहां से पुलिस ने नवीन यादव नाम के एक आरोपी को दबोचा है। बीएससी (B.Sc) पास नवीन का ठगी करने का तरीका बिल्कुल अलग और बेहद शातिर कूटनीति पर आधारित था। वह नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की परीक्षा फीस रिफंड कराने के नाम पर छात्रों को शिकार बनाता था।

नवीन सबसे पहले झांसा देकर स्टूडेंट्स के ऑफिशियल लॉगिन क्रेडेंशियल्स (यूज़र आईडी और पासवर्ड) हासिल कर लेता था। इसके बाद वह तुरंत उनका पासवर्ड बदल देता था। जैसे ही परीक्षा रद्द होने के बाद एनटीए की तरफ से रिफंड राशि जारी होती थी, वह छात्रों के अकाउंट से उस पैसे को सीधे अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर लेता था। पुलिस के मुताबिक, नवीन अब तक करीब 150 से अधिक छात्रों की रिफंड राशि पर डाका डाल चुका है।

ऑनलाइन गेमिंग खातों का इस्तेमाल: ऐसे सफेद करते थे काला धन

अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने जब आरोपियों के बैंक खातों और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री को खंगाला, तो एक और नया खुलासा हुआ। ये आरोपी पुलिस और बैंकिंग निगरानी (Banking Tracking) से बचने के लिए बेहद चालाकी से काम ले रहे थे। छात्रों से ठगी गई रकम को वे सीधे अपने मुख्य खातों में मंगाने के बजाय अलग-अलग ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइटों के वॉलेट्स और खातों में जमा कराते थे। इसके बाद कई गेमिंग एक्टिविटीज और मल्टीपल ट्रांजैक्शन के जरिए इस पैसे को अलग-अलग खातों से कैश के रूप में निकाल लिया जाता था।

राहत की खबर: कोई असली पेपर लीक नहीं हुआ

देशभर के नीट परीक्षार्थियों के लिए राहत की बात यह है कि पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि इस गिरोह ने किसी भी परीक्षा का वास्तविक या असली पेपर लीक नहीं किया था। आरोपी केवल हाल ही में हुए नीट पेपर लीक विवाद और छात्रों के बीच बने डर व सस्पेंस के माहौल का फायदा उठाकर फर्जीवाड़ा कर रहे थे। फिलहाल पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क ने अब तक कुल कितनी रकम की वसूली की है।

21 जून को ही होगा री-एग्‍जाम, NTA ने किए बड़े बदलाव

आपको बता दें कि इस साल पेपर लीक विवाद के चलते NEET UG 2026 की मुख्य परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। अब यह री-एग्‍जाम आगामी 21 जून को आयोजित होने जा रहा है। परीक्षा को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इस बार कुछ महत्वपूर्ण बदलाव भी किए हैं।

एनटीए के नए आधिकारिक नोटिस के अनुसार, छात्रों की सहूलियत के लिए परीक्षा का समय अब 180 मिनट (3 घंटे) से बढ़ाकर 195 मिनट (3 घंटे 15 मिनट) कर दिया गया है। इसके अलावा, छात्रों को फिजिक्स और केमिस्ट्री के न्यूमेरिकल हल करने में दिक्कत न हो, इसके लिए आंसर शीट (OMR Sheet) बुकलेट में रफ वर्क करने के लिए खाली जगह (Space) को भी पहले से ज्यादा बढ़ा दिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment