New Delhi : पैदल गश्त के दौरान वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की चार दोपहिया गाड़ियां बरामद

 

New Delhi : दक्षिण जिले के अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने नियमित गश्त के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार चोरी की दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। बरामद वाहनों में एक टीवीएस मोपेड, दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक होंडा एक्टिवा स्कूटर शामिल हैं। इनकी चोरी के मामले अंबेडकर नगर, तिगड़ी और महरौली थानों में दर्ज थे।

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को जी-ब्लॉक, दक्षिणपुरी में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को टीवीएस मोपेड धक्का देकर ले जाते हुए देखा। पूछताछ में वह वाहन के स्वामित्व संबंधी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। जांच में पता चला कि मोपेड अंबेडकर नगर थाने में दर्ज एक वाहन चोरी के मामले में चोरी की गई थी।

आरोपी की पहचान 29 वर्षीय मोहम्मद कासिम उर्फ गुल्ली, निवासी दक्षिणपुरी के रूप में हुई। पूछताछ में उसने कई वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीन अन्य चोरी की दोपहिया गाड़ियां भी बरामद कर लीं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दक्षिण दिल्ली की कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी लावारिस दोपहिया गाड़ियों को निशाना बनाता था। उसने नशे और शराब की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करने की बात भी कबूल की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी और लूट से जुड़े मामले दर्ज हैं। बरामदगी के साथ चार वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों और चोरी के वाहनों को खरीदने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha