टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में नया मोड़: हथियार तस्कर राधा के तार कानपुर के बिल्हौर से जुड़े, 3 साल पहले गांव आया था युवक; पुलिस जांच तेज

बिल्हौर (कानपुर)। बॉलीवुड फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में हथियार मुहैया कराने के आरोप में गिरफ्तार सीतापुर की राधा के कनेक्शन अब उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से जुड़ते नजर आ रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तार महिला का नाता बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के दादारपुर कटहा गांव से सामने आया है, जिसके बाद से स्थानीय पुलिस और जांच एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

तीन साल पहले गांव आया था युवक, घरेलू विवाद के बाद छोड़ा था घर

स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, दादारपुर कटहा गांव के रहने वाले देवनारायण गौतम के बेटे विशाल गौतम (20) की सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला से दोस्ती हुई थी। करीब तीन साल पहले विशाल इसी महिला को अपने घर लेकर आया था। गांव में कुछ दिन साथ रहने के बाद दोनों के बीच घरेलू कलह और विवाद शुरू हो गया, जिससे परेशान होकर परिजनों ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके कुछ समय बाद विशाल उस महिला को साथ लेकर गांव छोड़कर हमेशा के लिए चला गया।

पिता ने बेटे को किया था बेदखल, अस्पताल में हुई थी आखिरी मुलाकात

विशाल के पिता देवनारायण गौतम ने बताया कि बेटे के इस तरह घर छोड़ने के बाद उन्होंने कोर्ट और वकीलों के माध्यम से उसे अपनी संपत्ति से बेदखल करने की कानूनी कार्रवाई भी पूरी करवा ली थी। तब से विशाल का परिवार से कोई सीधा संपर्क नहीं था। हालांकि, करीब 25 दिन पहले जब देवनारायण सांस की गंभीर बीमारी के चलते कानपुर के मुरारी लाल चेस्ट अस्पताल में भर्ती थे, तब विशाल उनसे मिलने अस्पताल पहुंचा था और मुलाकात के बाद वापस चला गया था। ग्रामीणों के अनुसार, घटना से महज 10 से 12 दिन पहले विशाल को गांव के आसपास भी देखा गया था।

महिला के नाम और पारिवारिक पृष्ठभूमि को लेकर खुलासे

देवनारायण ने विशाल के साथ घर आई महिला का नाम ‘बिट्टो’ बताया है, जबकि सीतापुर पुलिस की शुरुआती जांच में उसका नाम ‘राधा’ सामने आया है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि इस महिला का अपने पहले पति सुनील से करीब दो साल पहले रिश्ता टूट गया था। यह भी जानकारी सामने आई है कि शादी के कुछ साल बाद वह अपने एक साल के बेटे को लेकर मौसेरे भाई के साथ चली गई थी। इसके अलावा, महिला के पहले पति से चार बच्चे होने की बात भी कही जा रही है, हालांकि इन तमाम अनौपचारिक जानकारियों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

साधारण किसान परिवार से है युवक, पुलिस ने तेज की सुरागकशी

बता दें कि देवनारायण गौतम पेशे से एक साधारण किसान हैं। उनके परिवार में पत्नी चमेली और छह बेटियां हैं, जिनमें से पांच बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बेटी शिखा अभी अविवाहित है। विशाल परिवार में छठे नंबर की संतान है। बेटे के घर से नाता तोड़ने के बाद से पूरा परिवार इन मामलों से दूरी बनाए हुए था। वहीं, मुंबई फायरिंग केस में राधा की गिरफ्तारी के बाद अब खुफिया एजेंसियों और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों के दादारपुर कटहा गांव पहुंचकर महिला के पुराने संबंधों और विशाल की तलाश में सुराग जुटाए जाने की बात सामने आ रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha