हे मां….’आखिरी पल तक नहीं छोड़ा साथ’, क्रूज के मलबे से जब मां-बेटे के शव निकले तो रो पड़ा जबलपुर

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में हुए भीषण क्रूज हादसे के दूसरे दिन आज सुबह दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया। कल गुरुवार को 4 शव मिलने के बाद आज रेस्क्यू टीम ने क्रूज के भीतर से 5 और शव बरामद किए हैं। इनमें से एक तस्वीर ऐसी थी जिसे देखकर बचाव दल के सदस्यों की भी आंखें नम हो गईं। हादसे की शिकार हुई एक मां अपनी अंतिम सांस तक अपने मासूम बच्चे को सीने से चिपकाए रही। नियति ने उन्हें बचने का मौका तो नहीं दिया, लेकिन मौत भी उनकी ममता की डोर को अलग नहीं कर पाई।

सीने से चिपका था मासूम: मां की ममता की दर्दनाक दास्तां

आज सुबह जब रेस्क्यू टीम क्रूज के अंदर दाखिल हुई, तो वहां दिल्ली निवासी मरीना मसीह (39) और उनके 4 वर्षीय बेटे प्रशांत के शव बरामद हुए। मरीना ने डूबते क्रूज में अपने बच्चे को बचाने की हरसंभव कोशिश की थी। उन्होंने अपनी ही लाइफ जैकेट के सहारे बच्चे को सुरक्षित रखने की जद्दोजहद की, लेकिन क्रूज के भीतर पानी भरने और उसके पलट जाने के कारण वे बाहर नहीं निकल सकीं। जब शव बाहर निकाला गया, तो मरीना ने अपने कलेजे के टुकड़े को कसकर पकड़ रखा था।

मरीना के पति जूलियस मसीह रक्षा मंत्रालय, दिल्ली में कार्यरत हैं। यह परिवार ओएफके एस्टेट जबलपुर में अपने रिश्तेदारों के यहां आया था और छुट्टियां मनाने बरगी बांध गया था। हादसे में मरीना के पति और बेटी सुरक्षित हैं, लेकिन मां-बेटे की मौत ने परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया है।

लापरवाही ने ली जान: पर्यटन विभाग के सुरक्षा दावों की खुली पोल

इस भीषण हादसे ने मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की तीन प्रमुख वजहें सामने आई हैं:

  • खराब मौसम की चेतावनी की अनदेखी: मौसम विभाग के खराब संकेतों के बावजूद क्रूज का संचालन जारी रखा गया।

  • संतुलन और पानी का रिसाव: क्रूज में पानी भरने से उसका संतुलन बिगड़ा, जो डूबने का मुख्य कारण बना।

  • सुरक्षा उपकरणों का अभाव: क्रूज पर सवार सभी यात्रियों को लाइफ जैकेट नहीं पहनाई गई थी और आपातकालीन रेस्क्यू के इंतजाम नाकाफी थे।

क्लीनर चला रहा था क्रूज! चालक की योग्यता पर सवाल

हादसे के बाद एक चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया है कि बरगी बांध में क्रूज चलाने वाला चालक कथित तौर पर पहले एक क्लीनर था। बिना उचित प्रशिक्षण और योग्यता के उसे इतने बड़े क्रूज की जिम्मेदारी दे दी गई। पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा है कि चालक की नियुक्ति प्रक्रिया और योग्यता की गहन जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

पूरे प्रदेश में क्रूज संचालन पर लगी रोक

बरगी हादसे की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। पर्यटन मंत्री ने प्रदेश के सभी पर्यटन स्थलों पर क्रूज के संचालन को तत्काल प्रभाव से रोकने के आदेश दिए हैं। अब सभी क्रूज की फिटनेस जांच की जाएगी और जो मानकों पर खरे उतरेंगे, केवल उन्हें ही भविष्य में संचालन की अनुमति मिलेगी।

राहत की खबर: वंदना और बच्चा सुरक्षित

हादसे के बीच एक राहत भरी खबर भी सामने आई है। सरकारी सूची में लापता बताई जा रही वंदना थापा और उनका बच्चा सुरक्षित हैं। वे जबलपुर के एक अस्पताल में उपचाराधीन हैं। नाम और पते की त्रुटि के कारण उन्हें लापता मान लिया गया था, लेकिन अब पुष्टि हो गई है कि दोनों खतरे से बाहर हैं। फिलहाल रेस्क्यू टीम लापता अन्य 4 लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment