
भास्कर समाचार सेवा
सिकंद्राबाद। बृहस्पतिवार को सुप्रसिद्ध सूफ़ी संत हज़रत बाबा फ़रीदुद्दीन शाह मिस्कीनी ताजी रहमतुल्लाह अलैह के एक दिवसीय वार्षिक उर्स का आग़ाज़ गौस मंज़िल में पवित्र क़ुरान के पाठ से हुआ।
गुरूवार को प्रात: मौहल्ला रिसालदारान स्थित गौस मंज़िल में उर्स की तक़रीबात में मुख्य अतिथि नागपुर स्थित दरगाह हज़रत बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह के सज्जादानशीन बाबा ज़रबीर ताजी ख़ास दुआ कर उर्स का उद्घघाटन किया। हाजी बाबा मिस्कीन शाह ताजी रहo की दरगाह के सज्जादा नशीन सैयद बाबा शाह हुसैन मिस्कीनी के नेत्रत्व में क़व्वालियों की महफ़िल शुरू हुई जिसमें दरबारी क़व्वाल लईक़ ताज और उनके हमनवाओं ने सूफ़ियाना कलाम से समां बांधा, तत्पश्चात चादर का ख़ास जुलूस दरगाह हाजी बाबा में पहुँचा जहाँ अक़ीदतमंदो ने बाबा सैयद फ़रीदुद्दीन शाह मिस्कीनी ताजी रहo के मज़ार शरीफ़ व अन्य मज़ारात पर चादर व गुलपोशी की। दरगाह ताजुल औलिया नागपुर के सज्जादा नशीन व मुख्य अतिथि बाबा ज़रबीर ताजी ने देश में हिंदु मुस्लिम एकता, अखँडता, शांति और ख़ुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की।
इस अवसर पर स्थानीय व देश के विभिन्न अंचलों से बाबा के सैंकड़ों अनुयाई उपस्थित रहे।
पीरज़ादा सैयद सज्जाद हुसैन मिस्कीनी ने बताया कि क़व्वालियों की ख़ास महफ़िल और कुल शरीफ़ की रस्म देर रात्रि आयोजित होगी।












