कोलकाता/फलोदी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान संपन्न होते ही देश के सबसे चर्चित ‘फलोदी सट्टा बाजार’ के आंकड़े सामने आ गए हैं। इस बार बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर होने के संकेत मिल रहे हैं। मतदान के प्रतिशत ने जहां विशेषज्ञों को चौंकाया है, वहीं सट्टा बाजार के सटोरियों ने भाजपा (BJP) की जीत पर बड़ा दांव लगाया है। वर्षों से सटीक भविष्यवाणी के लिए मशहूर राजस्थान के फलोदी सट्टा बाजार ने दूसरे चरण के बाद बंगाल की चुनावी तस्वीर को पूरी तरह बदल दिया है।
बंगाल में बहुमत की ओर भाजपा, TMC को तगड़ा झटका!
चुनाव से पहले फलोदी सट्टा बाजार बंगाल में ममता बनर्जी की टीएमसी (TMC) को बढ़त दे रहा था, लेकिन मतदान खत्म होते ही समीकरण पलट गए हैं। सट्टा बाजार के ताजा आकलन के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी को अब 150 से 152 सीटें मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। वहीं, सत्ताधारी ममता बनर्जी की पार्टी 137 से 140 सीटों पर सिमटती दिख रही है। ताज्जुब की बात यह है कि पहले जहाँ भाजपा को महज 100 सीटें दी जा रही थीं, अब वह पूर्ण बहुमत के आंकड़े को पार करती नजर आ रही है।
भवानीपुर में ममता बनर्जी की स्थिति हुई ‘कमजोर’
सट्टा बाजार की सबसे चौंकाने वाली रिपोर्ट भवानीपुर हॉट सीट को लेकर है। फलोदी के सटोरियों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भाव 25 पैसे से बढ़ाकर 50 पैसे कर दिए हैं। सट्टा बाजार के गणित में जिसका भाव ज्यादा होता है, उसे उतना ही कमजोर माना जाता है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि अपनी ही सीट पर दीदी को कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, बाजार का कहना है कि मतगणना की तारीख तक इन आंकड़ों में अभी और उतार-चढ़ाव आ सकता है।
असम, केरल और तमिलनाडु में किसकी बन रही सरकार?
बंगाल के अलावा फलोदी सट्टा बाजार ने अन्य राज्यों के भी पत्ते खोल दिए हैं। असम में भाजपा और उसके सहयोगी दलों को 98 से 100 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस 24-26 सीटों पर पिछड़ती दिख रही है। वहीं, दक्षिण के राज्यों की बात करें तो तमिलनाडु में ‘इंडिया गठबंधन’ 140 सीटों के साथ एनडीए (100 सीटें) पर भारी पड़ता दिख रहा है। केरल में यूडीएफ (UDF) को 80 सीटें और एलडीएफ (LDF) को 60 सीटें मिलने का बाजार सेशन चल रहा है।














