
बिजली मोटर से कपड़ों की धुलाई कर रही थी विवाहिता
युवक की हुई छत पर चढ़ने से मौत
भास्कर ब्यूरो
पूरनपुर-पीलीभीत। बाथरूम में लगे बिजली मोटर से कपड़े की धुलाई कर रही विवाहिता को अचानक बिजली का करंट लग गया। जिससे विवाहिता बुरी तरह से झुलस गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों ने विवाहिता को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी लगते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव कुर्रैया खुर्द कलां निवासी राहुल देवल की मार्केट में ही किराने की दुकान है। राहुल की पत्नी सरिता देवी बाथरूम में लगे बिजली के मोटर के पानी से कपड़े धुल रही थी। इसी बीच मोटर में करंट उतर जाने से उसको करंट लग गया। करंट लगने के बाद वह फड़फड़ाने लगी। जानकारी लगते ही परिजन और उसके पति भी मौके पर पहुँच गए। करंट से झुलसी विवाहिता को आनन फानन में अस्प्ताल ले गए। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सरिता के दो बेटे है, बड़ा बेटा चीनू (12) वर्ष व छोटा बेटा अहम (09) वर्ष का है। बचपन मे ही दोनों बच्चों के सिर से माँ का साया उठ जाने से दोनों बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है। उधर, नगर से सटी ग्राम पंचायत पूरनपुर देहात के मोहल्ला नूरी नगर निवासी सगीर अहमद वार्ड मेंबर था। उसकी बकरियां छत के ऊपर बंधी हुई थी। शुक्रवार को वह बकरियों के लिए पानी लेकर छत पर पहुंचा। इसी दौरान घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में परिजन उसे उपचार के लिए नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
इस पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। 15 दिन पहले ही सगीर अहमद की पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया था। जिसकी खुशियां मनाई जा रही थी। इस बीच उसकी मौत हो जाने से खुशियां मातम में बदल गई। कोतवाल अशोक पाल ने बताया युवक की मौत हुई थी।मौके पर गया था लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इस बार पंचनामा भरकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।









