PM मोदी पर विवादित बयान देने वाली लड़की ने वीडियो जारी कर मांगी माफी; बोली- ‘बहकावे में आकर कही थी बुरी बातें, प्लीज माफ कर दें’

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सीजेपी प्रोटेस्ट (CJP Protest) के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाली लड़की ने एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में लड़की अपने कहे शब्दों के लिए हाथ जोड़कर माफी मांगती नजर आ रही है। यह वीडियो पीएम मोदी के उस भावुक संदेश के कुछ ही घंटों बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने भटके युवाओं को माफ करने और सही राह दिखाने की अपील की थी।

‘बहकावे में आ गई थी, खुद पर आ रही है शर्म’ — वीडियो में बोली लड़की

वायरल वीडियो में लड़की ने स्वीकार किया कि वह विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों के बहकावे में आ गई थी और उसने प्रधानमंत्री के खिलाफ कई गलत बातें कह दी थीं। एफआईआर (FIR) में पुलिस ने उसकी उम्र 25 साल दर्ज की थी, लेकिन वीडियो में लड़की ने दावा किया कि उसकी उम्र केवल 15 साल है। उसने रोते हुए कहा, “मैंने जो कुछ भी किया, वह माफी के योग्य नहीं है। यह मेरी पहली और आखिरी गलती है। मुझे खुद पर बहुत शर्म आ रही है और मैं खुद को देख भी नहीं पा रही हूं। मैं पूरे देश से हाथ जोड़कर माफी मांगती हूं, प्लीज मुझे माफ कर दीजिए।”

नोएडा में दर्ज हुई थी जीरो FIR, पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने को ट्रांसफर

प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में बुधवार को नोएडा पुलिस स्टेशन में लड़की के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। नोएडा पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मामले में ‘जीरो एफआईआर’ (Zero FIR) दर्ज की और फिर इसे क्षेत्राधिकार के हिसाब से नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर कर दिया। शिकायतकर्ता का आरोप था कि लड़की के अभद्र शब्दों से प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की गरिमा को ठेस पहुंची है और इससे सार्वजनिक शांति भंग हो सकती है।

पीएम मोदी के भावुक संदेश के बाद आया माफी का वीडियो

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात पीएम मोदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर देशवासियों से अपील की थी कि जंतर-मंतर पर घटित घटना में शामिल युवाओं को सजा देने के बजाय सही दिशा दिखाई जाए। पीएम मोदी ने कहा था, “गाली-गलौच से किसी समस्या का हल नहीं होता। ये बच्चे गुमराह हैं और बचपन में गलतियां होती हैं। मैं उन्हें दिल से माफ करना चाहता हूं और समाज से भी अपील करता हूं कि वे इन्हें अपनाएं।” पीएम मोदी के इसी बयान के बाद नाबालिग लड़की का यह माफीनामा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha