हरदोई/लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से देश के सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में से एक 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का भव्य लोकार्पण किया। इस दौरान एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे केवल ईंट और डामर की सड़क नहीं है, बल्कि नए उत्तर प्रदेश के सपनों का ‘गेटवे’ है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह मां गंगा सदियों से जीवनदायिनी रही हैं, वैसे ही यह आधुनिक मार्ग यूपी की प्रगति की नई ‘लाइफलाइन’ बनेगा।
‘काशी दर्शन कर उसी दिन लौटना अब सपना नहीं’: कनेक्टिविटी पर जोर
प्रधानमंत्री ने एक्सप्रेसवे के फायदों को गिनाते हुए कहा कि अब मेरठ से प्रयागराज की दूरी घंटों में सिमट जाएगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से अब लोग कुछ ही घंटों में प्रयागराज संगम पहुंच सकेंगे। इतना ही नहीं, पश्चिमी यूपी के लोग सुबह निकलकर काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद उसी दिन वापस घर लौट सकेंगे।” पीएम ने इसे प्रदेश के पर्यटन और औद्योगिक विकास के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताया।
चार दिन से ‘गंगा के सानिध्य’ में पीएम, सुखद संयोग का किया जिक्र
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने एक बेहद व्यक्तिगत और आध्यात्मिक अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि पिछले चार-पांच दिनों से मैं लगातार मां गंगा की छत्रछाया में हूं। 24 अप्रैल को मैं बंगाल में गंगा दर्शन कर रहा था, कल बाबा की नगरी काशी में था और आज मां गंगा के ही नाम पर बने इस विशाल एक्सप्रेसवे को राष्ट्र को समर्पित कर रहा हूं। यह मां गंगा का आशीर्वाद ही है कि मुझे लगातार उनकी सेवा का अवसर मिल रहा है।”
बंगाल चुनाव: ‘भारी वोटिंग और निर्भीक माहौल लोकतंत्र की जीत’
हरदोई की धरती से प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चल रहे दूसरे चरण के मतदान का भी विशेष उल्लेख किया। बंगाल की रिपोर्टों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वहां लोग भारी संख्या में अपने घरों से निकल रहे हैं और मतदान केंद्रों पर ऐतिहासिक कतारें दिख रही हैं। पीएम ने कहा, “बंगाल से जो खबरें आ रही हैं, वे दिल खुश करने वाली हैं। पहले चरण की तरह इस बार भी बंपर वोटिंग हो रही है। दशकों बाद बंगाल में जनता बिना किसी डर के, इतने निर्भीक माहौल में मतदान कर रही है, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए बहुत शुभ संकेत है।”
विकास की ‘फर्राटा’ रफ्तार: हरदोई में उमड़ा जनसैलाब
मल्लावां में आयोजित इस भव्य समारोह में एक लाख से अधिक लोग प्रधानमंत्री को सुनने पहुंचे। पीएम ने कार्यक्रम स्थल पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में यूपी आज ‘एक्सप्रेसवे प्रदेश’ के रूप में अपनी नई पहचान बना चुका है। इस एक्सप्रेसवे के जरिए अब 12 जिले और 519 गांव सीधे तौर पर मुख्यधारा के विकास से जुड़ेंगे।















