
उन्नाव(भास्कर)। रविवार रात शहर के एक पिज़्ज़ा सेंटर में अवैध रूप से चल रहे हुक्का बार व अनाधिकृत रूप से शराब पिलाये जाने की जानकारी पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने वहां से 12 युवकों को गिरफ्तार किया है। सभी पर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
सदर कोतवाली अंतर्गत आने वाले मोहल्ला पीडी नगर में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित होने की सूचना कोतवाली पुलिस को मिली।
इस पर पुलिस ने रविवार रात करीब आठ बजे मौके पर छापेमारी की। छापेमारी से वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम ने मौके से करीब एक दर्जन लोगों को हुक्का व शराब पीते हुए पकड़ा। संचालक के बारे में जानकारी करने पर भी पुलिस को कुछ पता नहीं चल सका। इस पर पुलिस सभी को कोतवाली लाई और पूछताछ शुरू की। इस बारे में कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि करीब दर्जन भर लोगों को पकड़ा गया है। अभी पूछताछ की जा रही है। संचालक की तलाश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












