
किसी मामले में कोर्ट में सरेंडर करने जा रहा था वांछित युवक
भास्कर समाचार सेवा
हापुड़। हापुड़ कचहरी में बुर्का पहनकर जा रहे एक युवक को पुलिसकर्मियों ने चेकिंग के दौरान दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक किसी मामले में वांछित चल रहा था, जोकि पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर करने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी युवक को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया है, जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
बता दें कि बृहस्पतिवार को एक युवक बुर्का पहनकर कचहरी जाने का प्रयास कर रहा था। जैसे ही वह कचहरी के बाहर लगे चेकिंग पॉइंट पर पहुंचा तो महिला पुलिसकर्मियों को उस पर शक हुआ। महिला पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर उससे चहरे से बुर्का ऊपर करने को कहा। जैसे ही उसने अपना बुर्का ऊपर किया तो महिला पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। पुलिसकर्मियों ने आरोपी युवक को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद कचहरी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने इसकी सूचना कोतवाली हापुड़ नगर को दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँचकर आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उसे कोतवाली ले आई। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक किसी मामले में वांछित चल रहा था और पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर करने के लिए जा रहा था। वहीं अब कोतवाली पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है।











