
नई दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को आयोजित होने जा रही विपक्षी ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन की हाई-प्रोफाइल बैठक से ठीक पहले मध्य दिल्ली की सड़कों पर अचानक भारी राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। बैठक से पूर्व इलाके में कई ऐसे विवादित होर्डिंग्स और पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें विपक्षी नेताओं को सीधे निशाने पर लिया गया है। हालांकि, इन होर्डिंग्स को किसने और किस मकसद से लगाया है, इसकी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। यह बैठक चुनाव आयोग, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर छिड़े संग्राम के बीच हो रही है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और संसद में नए प्रस्ताव पर होगी चर्चा विपक्षी दलों की यह साझा बैठक चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया से उठे विवादों के केंद्र में बुलाई गई है। कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तुरंत इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं। सूत्रों के अनुसार, बैठक में विपक्ष ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए संसद के आगामी सत्र में एक नया प्रस्ताव लाने की रणनीति पर अंतिम मुहर लगा सकता है। यह आयोग के खिलाफ विपक्ष का ऐसा तीसरा बड़ा प्रयास माना जा रहा है।
देंखे VIDEO
VIDEO source by ANI
दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों से गरमाया मामला, चुनाव आयोग ने दी सफाई इस पूरे विवाद के बीच यह रिपोर्ट भी आई है कि चुनाव आयोग के भीतर ही दो चुनाव आयुक्तों ने एसआईआर प्रक्रिया और कुछ अहम फैसलों पर अपनी लिखित आपत्तियां दर्ज कराई थीं। हालांकि, बढ़ते विवाद को देखते हुए चुनाव आयोग ने स्पष्टीकरण जारी कर कहा है कि किसी भी संवैधानिक संस्था में विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय और टिप्पणियां आना एक सामान्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। आयोग का दावा है कि उसके सभी आदेश कानून और तय प्रक्रिया के तहत ही जारी किए गए हैं।
सोनिया, राहुल, ममता, अखिलेश और तेजस्वी समेत गठबंधन के कई दिग्गज नेताओं का जमावड़ा दिल्ली में होने जा रही इस महाबैठक में कांग्रेस की ओर से पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मुख्य रूप से शामिल होंगे। वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) की ओर से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सांसद अभिषेक बनर्जी के पहुंचने की संभावना है। समाजवादी पार्टी की ओर से हरेंद्र मलिक दल का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनके अलावा आरजेडी के तेजस्वी यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, एनसीपी (एसपी) नेता सुप्रिया सुले और वामपंथी दलों के शीर्ष नेता भी भौतिक या वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।
कांग्रेस की आक्रामक मांग: मोदी, शाह और CEC का इस्तीफा हो, रद्द हो SIR प्रक्रिया कांग्रेस कार्य समिति (CWC) ने SIR विवाद को लेकर सीधे केंद्र सरकार पर हमला बोला है। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और CEC ज्ञानेश कुमार तीनों के इस्तीफे की पुरजोर मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि SIR की आड़ में मतदाता सूची से हटाए गए सभी जायज नामों को तुरंत बहाल किया जाए और इस प्रक्रिया को तुरंत रोका जाए। दूसरी ओर, सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा है कि उनकी पार्टी बैठक में देश के संविधान की रक्षा और पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के अधिकारों की लड़ाई को प्रमुखता से उठाएगी।















