
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति के सबसे बड़े कुनबे ‘सपा परिवार’ से एक हृदयविदारक खबर सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव (38) का बुधवार तड़के लखनऊ में रहस्यमय परिस्थितियों में निधन हो गया। प्रतीक यादव, भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति थे। घर के किचन में बेहोश पाए जाने से लेकर अस्पताल में मृत घोषित किए जाने तक की कड़ियां अब पुलिस और फॉरेंसिक जांच के घेरे में हैं।
किचन में बेसुध मिले प्रतीक, अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 4:55 बजे घर पर अचानक अफरा-तफरी मच गई जब प्रतीक की तबीयत बिगड़ी। बताया जा रहा है कि वह अपने घर के किचन एरिया में बेहोश मिले थे। आनन-फानन में इमरजेंसी कॉल की गई, लेकिन जब तक डॉक्टर्स की टीम विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर पहुंची, तब तक प्रतीक दम तोड़ चुके थे। सुबह 5:55 बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेश चंद्र पांडे ने उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ (मृत अवस्था में लाया गया) घोषित कर दिया।
पुलिस ने सील किया बेडरूम, गैजेट्स किए जब्त
प्रतीक यादव की मौत के मामले में पुलिस बेहद सतर्कता बरत रही है। मामले की गंभीरता और ‘रहस्यमय परिस्थितियों’ को देखते हुए पुलिस ने प्रतीक के बेडरूम को तुरंत सील कर दिया है। जांच टीम ने कमरे से 2 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप और कुछ अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स अपने कब्जे में लिए हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मौत की असली वजह जानने के लिए उनके कॉल रिकॉर्ड्स और डिजिटल एक्टिविटी की भी जांच की जाएगी।
शरीर पर नीले निशान और चोट ने बढ़ाया संदेह
प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर का पोस्टमॉर्टम किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में सीएमओ की निगरानी में किया गया। सूत्रों के हवाले से बड़ी बात सामने आई है कि प्रतीक के शरीर पर कई जगह नीले निशान देखे गए हैं और पैर पर चोट का एक छोटा घाव भी मिला है। हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि नीले निशान किसी बीमारी या शरीर में ऑक्सीजन की कमी के कारण भी हो सकते हैं, लेकिन पुलिस हर कोण से तफ्तीश कर रही है।
न्यूरो संबंधी बीमारी से चल रहा था इलाज
कहा जा रहा है कि प्रतीक यादव पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। वह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में एक न्यूरोलॉजिकल (तंत्रिका तंत्र) बीमारी का इलाज करा रहे थे। कुछ सप्ताह पहले भी उनकी तबीयत बिगड़ने पर अखिलेश यादव उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। हालांकि, उस वक्त इलाज के बाद वह ठीक होकर घर लौट आए थे, लेकिन बुधवार की सुबह उनके जीवन का आखिरी सफर साबित हुई।
राजनीति से दूर, फिटनेस और रीयल एस्टेट में थे सक्रिय
मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव ने खुद को हमेशा सक्रिय राजनीति से दूर रखा। ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई करने वाले प्रतीक को बॉडीबिल्डिंग और फिटनेस का जुनून था। लखनऊ में उनका अपना जिम था और वह रीयल एस्टेट के बड़े कारोबारी थे। उनके आकस्मिक निधन पर उत्तर प्रदेश के राजनेताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।












