
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सबसे कद्दावर राजनीतिक परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का शनिवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया। मात्र 38 वर्ष की आयु में उनके निधन की खबर ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। बताया जा रहा है कि उन्हें सुबह करीब 6 बजे विक्रमादित्य मार्ग स्थित उनके आवास से सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम चुकी थीं सांसें
श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल के सीएमएस डॉ. देवेश चंद्रा के अनुसार, जब प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया, तब उनकी मृत्यु हो चुकी थी। अस्पताल के निदेशक ने आधिकारिक बयान में बताया कि प्रतीक के ड्राइवर ने आकर डॉक्टरों को तबीयत बिगड़ने की सूचना दी थी। जब डॉक्टर उनके आवास पर पहुंचे, तो उनके शरीर में कोई हरकत नहीं थी। संदिग्ध परिस्थितियों और ‘पॉइजनिंग’ (विषाक्त पदार्थ) के संदेह को देखते हुए डॉक्टरों ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए केजीएमसी (KGMU) भेज दिया है।
भाई अखिलेश यादव ने जताया संदेह, जांच की मांग की
निधन की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव तुरंत केजीएमयू पहुंचे। अपने भाई को खोने के गम में डूबे अखिलेश ने मीडिया से बातचीत में कहा, “उनका जाना पूरे परिवार के लिए एक गहरा आघात है। दो महीने पहले ही मैंने उन्हें स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी थी। मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।” अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
सांस लेने में तकलीफ और हार्ट की समस्या की बात आई सामने
प्रतीक यादव के करीबी मित्र राहुल पाठक ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे उनके स्टाफ का फोन आया था कि भैया को सांस लेने में भारी दिक्कत हो रही है। उन्होंने यह भी साझा किया कि प्रतीक पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और उन्हें हार्ट में भी कुछ दिक्कत थी। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
राजनीति से दूर, फिटनेस और समाज सेवा में था रुझान
मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी। इतने बड़े राजनीतिक परिवार का हिस्सा होने के बावजूद उन्होंने कभी राजनीति में कदम नहीं रखा। वे लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से एक मशहूर जिम चलाते थे और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े थे। इसके अलावा, बेजुबान जानवरों के प्रति उनके प्रेम के कारण उन्होंने ‘जीव आश्रय’ नाम की संस्था बनाई थी, जो स्ट्रीट डॉग्स के रेस्क्यू और इलाज का काम करती है।
श्री प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद!
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
विनम्र श्रद्धांजलि!
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) May 13, 2026
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, 'पद्म विभूषण', स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।
मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 13, 2026
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं हैं।
ईश्वर दिवंगत…
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) May 13, 2026
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति प्रतीक यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।
इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएँ शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।
ईश्वर…
— Pankaj Chaudhary (@mppchaudhary) May 13, 2026
सीएम योगी और दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने शोक संदेश में लिखा कि प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को सद्गति दें और परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी के आधिकारिक हैंडल से भी प्रतीक यादव को विनम्र श्रद्धांजलि दी गई है।












