पंजाब : मनरेगा में काम कर रहे मजदूरों को कार ने कुचला, 8 की मौत

संगरूर (पंजाब)। पंजाब के संगरूर जिले के लेहरागागा में रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में मनरेगा के तहत काम कर रहे आठ मजदूरों की मौत होने की सूचना है। संगरूर के एसपी पलविंदर चीमा के मुताबिक, हादसे में शामिल कार चालक की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने उसे ट्रेस कर लिया है और जल्द गिरफ्तार किए जाने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय करीब 25 मनरेगा मजदूर मौके पर काम कर रहे थे। इसी दौरान कार की चपेट में आने से कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पांच मृतकों के शव लेहरागागा अस्पताल में रखे गए थे। बाद में इलाज के दौरान अन्य घायलों की मौत होने की सूचना सामने आई, जिसके बाद मृतकों की कुल संख्या आठ बताई गई।

अलीशेर गांव के रहने वाले थे मृतक

हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग लेहरागागा के नजदीकी गांव अलीशेर के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, कार शेवरले मैग्नम थी और उस पर पंजाब का रजिस्ट्रेशन नंबर था। कार चालक की पहचान परगट सिंह उर्फ काला के रूप में बताई गई है, जो रैधड़ाना गांव का रहने वाला है।

एसपी पलविंदर चीमा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान कर उसे ट्रेस कर लिया है। पुलिस के अनुसार, उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के कारणों और घटनाक्रम को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हादसे में जान गंवाने वालों के नाम

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले आठ लोगों के नाम इस प्रकार हैं:

  1. करमजीत कौर, पत्नी जग्गी सिंह, निवासी अलीशेर
  2. जीवन सिंह, पुत्र रामलाल, निवासी अलीशेर
  3. निक्की, पत्नी हंसा राम, निवासी अलीशेर
  4. सरबजीत कौर, पत्नी सोनी सिंह, निवासी अलीशेर
  5. रणजीत कौर, पत्नी जरनैल सिंह, निवासी अलीशेर
  6. करमजीत, पत्नी काला खान, निवासी अलीशेर
  7. रानी कौर, पत्नी तरसेम सिंह भीमा, निवासी अलीशेर
  8. देशराज

इस हादसे से अलीशेर गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों के परिजनों और घायलों से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha