
जगह सड़कों पर बह रहा गंदा पानी और लग रहा कूड़े का ढेर
भास्कर समाचार सेवा
वृंदावन । कान्हा की नगरी श्री धाम वृंदावन में स्वच्छ भारत मिशन दम तोड़ता हुआ नजर आ रहा है। भगवान श्री कृष्ण की क्रीड़ा स्थली वृंदावन में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता सर्वेक्षण में धार्मिक नगरी को टॉप टेन में लाने की कवायद निगम अधिकारियों की लापरवाही से दम तोड़ती दिखाई दे रही है। जगह जगह कूड़े के ढेर और सड़कों पर बहता गंदा पानी निगम अधिकारियों के दावों की पोल खोलने के लिए काफी है। नगर निगम के नवगठित बोर्ड के लिए स्वच्छ शहर की सूची में शामिल कराना बड़ी चुनौती होगी। भारत सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत वार्षिक सर्वे कर देशभर के स्वच्छ और सुंदर शहरों की रैंकिंग जारी की जाती है। जिसमें मथुरा वृंदावन नगर निगम के साथ ही तमाम जन प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन द्वारा धार्मिक नगरी को टॉप टेन की सूची में शामिल कराने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हालात इन दावों की पोल खोलने के लिए काफी है। आप इन फोटो में देखकर खुद अंदाजा लगा सकते है, कि निगम के जिम्मेदार पदों पर बैठे अफसर रैंकिग को लेकर कितने गंभीर है। 26 मई को नगर निगम के नए बोर्ड का शपथ के बाद विधिवत गठन हो चुका है। अब नवनिर्वाचित मेयर और पार्षदों के सामने उन सरकारी दावों को पूरा करना बड़ी चुनौती होगी।













