राजा रघुवंशी मर्डर केस: सुप्रीम कोर्ट के नोटिस पर सोनम का जवाब- ‘मुझे झूठा फंसाया गया’

 

इंदौर: देशभर में चर्चित शिलांग हनीमून हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। जहाँ एक ओर मेघालय सरकार सोनम की जमानत को रद्द कराकर उसे दोबारा जेल भेजने की मांग कर रही है, वहीं दूसरी ओर सोनम ने देश की सर्वोच्च अदालत में हलफनामा दाखिल कर खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया है। अपने पति राजा रघुवंशी की हनीमून के बहाने शिलांग ले जाकर हत्या करने के आरोप से घिरी सोनम फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई के लिए गुरुवार का दिन तय किया है।

इस हाई-प्रोफाइल मामले की पृष्ठभूमि पर गौर करें तो सोनम की गाजीपुर से गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा कोर्ट में पेश की गई चार्जशीट में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए थे। आरोप है कि सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाह के साथ मिलकर पति राजा की हत्या की पूरी साजिश रची थी। इस साजिश के तहत राज ने हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए अपने तीन साथियों को शिलांग भेजा था, जहां चारों ने मिलकर पहले राजा की बेरहमी से हत्या की और फिर उसके शव को एक गहरी खाई में फेंक दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद शिलांग पुलिस ने पुख्ता सबूत जुटाकर इंदौर से चार आरोपियों को दबोचा था, जबकि मुख्य आरोपी सोनम को गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया था।

सोनम रघुवंशी को जमानत मिलने के पीछे एक बड़ी तकनीकी खामी सामने आई थी। गिरफ्तारी के वक्त कानूनी धाराओं की लिखापढ़ी में हुई एक टाइपिंग मिस्टेक (लेखन त्रुटि) का लाभ उठाकर शिलांग की निचली अदालत से सोनम को जमानत मिल गई थी। इसके खिलाफ मेघालय सरकार ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाकर जमानत रद्द करने की गुहार लगाई, लेकिन हाईकोर्ट ने भी निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखते हुए जमानत रद्द करने से इनकार कर दिया।

अब हाईकोर्ट के इसी फैसले को मेघालय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है, जिस पर अदालत ने सोनम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। इसी नोटिस के जवाब में सोनम के वकील के माध्यम से शीर्ष अदालत में हलफनामा पेश किया गया है। हलफनामे में दावा किया गया है कि सोनम को इस पूरे मामले में झूठा फंसाया गया है। उसका इस जघन्य हत्याकांड से कोई सीधा लेना-देना नहीं है और पुलिस ने उसे केवल परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी बनाया है। इस दलील के बाद अब सभी की निगाहें गुरुवार को होने वाली सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment