
रियाद। यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब को निशाना बनाकर किए गए ताबड़तोड़ मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद अमेरिका ने अपने अधिकारियों और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। अमेरिकी मिशन ने सऊदी अरब में कार्यरत अपने सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए ‘ताइफ’ और ‘यनबू’ शहरों की यात्रा पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं। अब इन शहरों में जाने के लिए कर्मचारियों को पूर्व विशेष अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया गया है। यह नियम आधिकारिक कामकाज के साथ-साथ निजी दौरों पर भी समान रूप से लागू होगा।
अमेरिकी विदेश विभाग ने सऊदी अरब के लिए लेवल-3 (‘यात्रा पर पुनर्विचार करें’) की एडवाइजरी जारी रखी है, जिसमें मिसाइल हमलों, सशस्त्र संघर्ष और आतंकवाद के गंभीर खतरों को रेखांकित किया गया है।
रियाद समेत कई शहरों में नागरिक ठिकानों पर हमले की कोशिश
यह अमेरिकी अलर्ट हूती समूह द्वारा सऊदी अरब के प्रमुख नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए गए हमलों के बाद आया है। हूतियों ने सऊदी की राजधानी रियाद की ओर एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी, जिसे सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने हवा में ही मार गिराया।
गठबंधन ने बताया कि रियाद के अलावा बिश, ताइफ, फरासन और यनबू में भी नागरिक आबादी और बुनियादी ढांचे पर ड्रोन व मिसाइल हमले की कोशिशें की गईं। रियाद एयरपोर्ट के पास विस्फोट और धुएं का गुबार देखा गया, हालांकि आधिकारिक रूप से किसी भी जान-माल के नुकसान से इनकार किया गया है।
सऊदी में मौजूद अमरीकियों के लिए जारी हुए सख्त निर्देश
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी मिशन ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों को निम्नलिखित एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है:
-
कांच और खिड़कियों से दूरी: हवाई हमले या विस्फोट के दौरान खिड़कियों और कांच वाले दरवाजों से दूर सुरक्षित स्थान पर रहें।
-
भीड़भाड़ से परहेज: किसी भी प्रकार के प्रदर्शन, सार्वजनिक भीड़ और अमेरिकी प्रतिष्ठानों या अमेरिकी प्रभाव वाले स्थलों से दूरी बनाएं।
-
अलर्ट और कनेक्टिविटी: अपने मोबाइल फोन हर समय चार्ज रखें और स्थानीय मीडिया तथा सरकारी घोषणाओं पर नजर बनाए रखें।
ईरान की अमेरिका और सहयोगियों को खुली धमकी
सऊदी पर हुए हमलों के बीच क्षेत्रीय तनाव तब और बढ़ गया जब ईरान की सैन्य केंद्रीय कमान ने अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को चेतावनी दी। ईरानी सेना ने कहा कि यदि अमेरिका या उसके सहयोगी क्षेत्र में कोई नई सैन्य कार्रवाई करते हैं, तो ईरान लगातार कड़ा जवाबी हमला करेगा। ईरान ने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अमेरिका का साथ देने वाले देशों को भी सीधे तौर पर इस संघर्ष का हिस्सा माना जाएगा।
कतर ने की हमलों की कड़े शब्दों में निंदा
खाड़ी देश कतर ने रियाद, ताइफ, यनबू और अन्य शहरों पर हुए हूती हमलों की तीव्र भर्त्सना की है। कतर के विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इन हमलों को सऊदी अरब की संप्रभुता का सीधा उल्लंघन करार दिया और रियाद के साथ पूर्ण एकजुटता व्यक्त की।
इस बीच, अमेरिका ने पूरे पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) की यात्रा करने वाले अपने नागरिकों को भी सतर्क किया है कि बिगढ़ते हालातों के चलते उड़ानें रद्द होने या हवाई क्षेत्र बंद होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।














