
एलटी लाईन से सीधी अतिरिक्त केबिल जोड़कर की जा रही थी चोरी
भास्कर समाचार सेवा
मेरठ। गोपनीय सूचना के आधार पर प्रबंध निदेशक अरविन्द मल्लप्पा बंगारी द्वारा गठित रेड टीम ने देर रात छापेमारी कर विभिन्न परिसरों पर लगभग 2.50 करोड़ की विद्युत चोरी को पकड़ लिया।
अधीक्षण अभियन्ता रेड विनोद कुमार गुप्ता ने अधिशासी अभियन्ता रेड धीरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन दल मेरठ विक्रम सिंह, प्रवर्तन दल लोनी के जगदीश, सहायक अभियन्ता मीटर गौरव कुमार, सहायक अभियन्ता मीटर कृष्णनन नन्दन, प्रवर्तन दल के अवर अभियन्ता देवेन्द्र सिंह, अवर अभियन्ता जेपी यादव एवं मेरठ देहात के अवर अभियन्ता वीरेन्द्र के साथ संयुक्त रूप से टीम, विद्युत वितरण खण्ड-द्वितीय, बागपत के खेकड़ा के अन्तर्गत ग्राम हाजीपुर वीरन डूडा खेड़ा में रात्रि के समय प्लास्टिक गलाने वाली औद्योगिक संयोजनों की जांच की गयी। जिसमें मैसर्स बालाजी प्लास्टिक तत्पश्चात मैसर्स राधे श्याम, मैसर्स एसए इन्टरप्राइजेज तदोपरान्त मैसर्स सिरोही इन्टरप्राइजेज तथा मैसर्स चौधरी इन्टरप्राइजेज की चैकिंग की गयी। जिसमें चौधरी इन्टरप्राजेज के अलावा सभी के द्वारा संयोजन हेतु लगे परिवर्तक की एलटी लाईन से सीधी अतिरिक्त केबिल जोड़कर चोरी की जा रही थी।
नहीं चल रहा था मीटर, टीम ने किया सील
विद्युत चोरी की पुष्टि होने पर वितरण खण्ड के अधिशासी अभियन्ता ऋषिपाल सिंह, उपखण्ड अधिकारी संजय कुमार तथा अवर अभियन्ता चन्द्रप्रकाश को मौके पर बुलाया गया। विद्युत चोरी की अतिरिक्त केबिल को विच्छेदित कराया गया। चौधरी इन्टरप्राइजेज के यहां संयोजन पर स्थापित मीटर न चलने के कारण मौके पर ही मेन मीटर को सील कराया गया, जिसको जांच के लिए भेजा गया है।
अधिकारियों-कर्मचारियों की संलिप्तता की होगी जांच
सभी विद्युत चोरी के मामलों में 196 किलोवाट भार पाया गया, जिसमें लगभग 50 लाख का शमन तथा 2.50 करोड़ के राजस्व निर्धारण की वसूली की जायेगी। विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। संलिप्तता पाये जाने पर अधिकारियों व कर्मचारियों के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही की जायेगी।












