नई दिल्ली: देश के पांच राज्यों में लोकतंत्र के महापर्व का परिणाम आने लगा है। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना आज सुबह से जारी है। शुरुआती रुझानों ने चुनावी पिक्चर को बेहद रोमांचक बना दिया है। पश्चिम बंगाल में जहां बीजेपी और टीएमसी के बीच ‘कांटे की टक्कर’ के बीच भाजपा 100 के पार निकल गई है, वहीं असम में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी बहुमत के आंकड़े को पार कर हैट्रिक की ओर बढ़ती दिख रही है।
पश्चिम बंगाल: आजादी के बाद रिकॉर्ड वोटिंग, अब रुझानों में ‘टाइट फाइट’
बंगाल की 294 सीटों पर इस बार ऐतिहासिक मुकाबला देखने को मिल रहा है। राज्य में आजादी के बाद सबसे अधिक 92 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। शुरुआती रुझानों में टीएमसी और बीजेपी के बीच पेंडुलम की तरह बढ़त इधर-उधर हो रही है। ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी जहां जीत का चौका लगाने की कोशिश में है, वहीं बीजेपी ने 100 सीटों की बढ़त के साथ सत्ता परिवर्तन का बिगुल फूंक दिया है। हॉट सीट भवानीपुर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच जबरदस्त मुकाबला बना हुआ है।
असम में खिला ‘कमल’, दक्षिण में ‘स्टालिन’ और ‘विजय’ की जंग
असम की 126 सीटों पर 9 अप्रैल को हुई रिकॉर्ड 85% वोटिंग का परिणाम अब सामने है। यहाँ बीजेपी ने बहुमत का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है, जिससे कांग्रेस के सत्ता में वापसी के सपने धुंधले होते दिख रहे हैं। वहीं, तमिलनाडु में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की डीएमके अपनी बढ़त बनाए हुए है, लेकिन अभिनेता विजय की नई पार्टी TVK ने कई सीटों पर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाकर एआईएडीएमके और डीएमके दोनों के समीकरण बिगाड़ दिए हैं। तमिलनाडु में इस बार 85.14% के साथ रिकॉर्ड मतदान हुआ है।
केरल और पुडुचेरी: रंगास्वामी बनाम विपक्ष का मुकाबला
केरल की 140 सीटों पर आए शुरुआती रुझानों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF को बढ़त मिलती दिख रही है, जो पी. विजयन की एलडीएफ सरकार के लिए चिंता का विषय है। तटीय राज्य केरल में इस बार 78.27% मतदान हुआ था। उधर, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में रंगास्वामी की अगुवाई वाला एनडीए गठबंधन एक बार फिर अपनी सत्ता बचाने की दिशा में आगे बढ़ता दिख रहा है। पुडुचेरी में 89.97% के साथ भारी मतदान हुआ है, जिसका सीधा असर आज के नतीजों पर दिखेगा।














