
भास्कर समाचार सेवा
इटावा। भाजपा द्वितीय मण्डल की कार्यसमिति बैठक आज मण्डल अध्यक्ष अनुग्रह सेंगर की अध्यक्षता में शक्ति धाम गेस्ट हाउस में सम्पन्न हुई।कार्यसमिति बैठक का शुभारंभ मंचस्थ अतिथिगणों द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलित करके किया गया।
मण्डल कार्यसमिति बैठक में मुख्य अतिथि के रुप सदर विधायक सरिता भदौरिया ने सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए अपने संबोधन में कहा कि सशक्त व समृद्ध राष्ट्र निर्माण और लोकतंत्र को मजबूत करने की भावना को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार भारतीय संस्कृति व सभ्यता का डंका पूरे विश्व मे बजाने का काम कर रही है । मण्डल कार्यसमिति बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव जिला महामंत्री शिवाकांत चौधरी ने प्रस्तुत किया जिसका अनुमोदन बैठक में भाग लेने वाले समस्त पदाधिकारियों ने किया। डेटा प्रबंधन विषय पर जिला मंत्री राहुल राजपूत ने विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि अन्य राजनीतिक दलों की अपेक्षा भारतीय जनता पार्टी प्रारंभ से ही डिजिटल प्लेटफार्म का प्रभावी उपयोग करती आई है। सरल एप भी एक डिजिटल प्लेटफार्म है जिसमे भाजपा कार्यकर्ताओं के सभी प्रकार की जानकारियों को सुरक्षित रखा जाता है। बैठक का संचालन मंडल महामंत्री चंदन मिश्रा ने किया।
कार्यसमिति बैठक में प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष विक्रम अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रवीण पचौरी, मंडल प्रभारी हरिओम दुबे, मंडल उपाध्यक्ष पंकज कुशवाहा, बृजमोहन मिश्रा नीरज पांडे, देवेंद्र सविता, सुलेखा तिवारी, रजनी भदौरिया, विनीत पांडे, सुमित गर्ग सहित मंडल कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित रहे।












