राष्ट्रगान बजता रहा और चल दिए सतीश महाना… वीडियो पर UP में सियासी घमासान, कांग्रेस-AAP ने उठाए सवाल

 

उन्नाव: उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में महाना उन्नाव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान बजने के बीच मंच से नीचे उतरकर अपनी गाड़ी की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कुछ लोगों ने इसे राष्ट्रगान का अपमान बताते हुए सवाल उठाए हैं। हालांकि, कार्यक्रम के आयोजकों ने मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि राष्ट्रगान मुख्य सभागार में बज रहा था और गार्ड ऑफ ऑनर वाले स्थान पर केवल उसकी आवाज सुनाई दे रही थी।

राष्ट्रगान के दौरान मंच से उतरते दिखे महाना

दरअसल, शनिवार 22 अगस्त को उन्नाव के पूरन नगर स्थित एक स्कूल में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद का प्रांतीय अधिवेशन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दिखाई देता है कि राष्ट्रगान बजने के दौरान सतीश महाना मंच से नीचे उतरते हैं और इसके बाद अपनी गाड़ी की ओर चले जाते हैं। उनके साथ कुछ अन्य लोग भी वहां से जाते हुए दिखाई देते हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी भूमिका और संवैधानिक पद की गरिमा को लेकर सवाल उठने लगे।

राष्ट्रगान पूरा होने से पहले जाने पर उठे सवाल

वायरल वीडियो को लेकर आलोचकों का कहना है कि राष्ट्रगान की अवधि पूरी होने तक वहां मौजूद रहना चाहिए था। लोगों ने सवाल उठाया कि महज कुछ सेकेंड के राष्ट्रगान के लिए भी इंतजार क्यों नहीं किया गया।

वीडियो में महाना मंच से नीचे उतरते समय अपने कान के पास कुछ ठीक करते हुए दिखाई देते हैं। इसके बाद वह वहां से आगे बढ़ जाते हैं। वीडियो के आधार पर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

कांग्रेस ने भी उठाए सवाल

घटना को लेकर कांग्रेस की ओर से भी सवाल उठाए गए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता दिनेश शुक्ला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए सतीश महाना पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि जब प्रोटोकॉल का सम्मान लिया गया तो राष्ट्रगान के दौरान वहां से चले जाना क्या उसका अपमान नहीं है?

कांग्रेस नेता की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस और तेज हो गई। कई लोगों ने वीडियो को शेयर करते हुए अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।

आम आदमी पार्टी ने भी वीडियो शेयर किया

 

आम आदमी पार्टी ने भी वायरल वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष पर सवाल उठाए। पार्टी ने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष के पास राष्ट्रगान के सम्मान के लिए रुकने तक का समय नहीं था और सवाल किया कि इस मामले में बीजेपी अपने नेता के खिलाफ क्या कार्रवाई करेगी।

आयोजकों ने दी अलग सफाई

विवाद बढ़ने के बाद कार्यक्रम के आयोजक वेणु रंजन भदौरिया ने सतीश महाना के बचाव में स्पष्टीकरण जारी किया। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर विधानसभा अध्यक्ष को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था, वहां वास्तव में राष्ट्रगान नहीं बजाया जा रहा था।

आयोजक के मुताबिक, राष्ट्रगान मुख्य कार्यक्रम स्थल यानी सभागार के अंदर बज रहा था। गार्ड ऑफ ऑनर वाले स्थान पर केवल सभागार से राष्ट्रगान की आवाज पहुंच रही थी। उनका कहना है कि इसी वजह से वीडियो देखने पर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सतीश महाना राष्ट्रगान के बीच में वहां से चले गए।

महाराजपुर से विधायक हैं सतीश महाना

सतीश महाना कानपुर की महाराजपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हैं। वह उन्नाव के पूरन नगर स्थित स्कूल में आयोजित उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के 46वें प्रांतीय सम्मेलन और संगोष्ठी में शामिल होने पहुंचे थे।

फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। एक ओर विपक्षी दल इसे राष्ट्रगान के सम्मान से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं, वहीं आयोजकों की सफाई में दावा किया गया है कि राष्ट्रगान उस स्थान पर नहीं बज रहा था जहां विधानसभा अध्यक्ष को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा था।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha