देवरिया में सनसनी: पति से विवाद के बाद मां और मासूम बेटे की मौत, दूसरे बच्चे की हालत नाजुक; हत्या या आत्महत्या?

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मेहड़ा पुरवां मोहल्ले में मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला और उसके 8 वर्षीय मासूम बेटे की मौत हो गई। वहीं, महिला का 7 साल का छोटा बेटा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद महिला द्वारा बच्चों को जहर देकर खुदकुशी करने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मृतका के मायके पक्ष ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की तहरीर दी है।

कमरे में बेसुध पड़े मिले मां और दोनों बेटे

मूल रूप से खोराराम के बसडिला निवासी निराला विश्वकर्मा मेहड़ा पुरवा में अपना मकान बनवाकर पत्नी अंजली (30) और दो बेटों कृष्णा (8) व नागेंद्र उर्फ कान्हा (7) के साथ रहते थे। उनके दोनों बच्चे मूक-बधिर (बोल और सुन न पाने वाले) थे। मंगलवार की शाम जब निराला का छोटा भाई आकाश किसी काम से घर पहुंचा, तो कमरे का मंजर देख उसके होश उड़ गए। बिस्तर पर अंजली और उसके दोनों बच्चे बेसुध पड़े थे। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से सभी को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंजली और बड़े बेटे कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। छोटे बेटे कान्हा का पीआईसीयू में इलाज जारी है।

मायके जाने की जिद और 2 दिन का विवाद

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस खौफनाक कदम के पीछे की वजह पति-पत्नी के बीच का मामूली विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले अंजली अपने मायके जाने की जिद कर रही थी, लेकिन पति निराला ने कुछ दिन रुककर जाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद से अंजली काफी उदास थी और उसने दो दिनों से खाना भी नहीं खाया था। पुलिस को अंदेशा है कि इसी तनाव में उसने आत्मघाती कदम उठाया।

भाई का आरोप: ‘मेरी बहन को जहर देकर मारा गया’

एक तरफ जहां पुलिस इसे पारिवारिक कलह से जुड़ा सुसाइड केस मान रही है, वहीं मृतका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। भाई का कहना है कि निराला उसकी बहन को लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था। इस मुद्दे पर पहले भी कई बार पंचायत हो चुकी थी, लेकिन निराला के व्यवहार में सुधार नहीं आया। भाई ने सीधा आरोप लगाया है कि निराला ने ही उसकी बहन और भांजों को जहर खिलाकर उनकी जान ली है।

पुलिस की कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच

घटना की सूचना मिलते ही एसपी अभिजीत आर शंकर, एएसपी आनंद कुमार पांडेय और सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं ताकि जहर के प्रकार और मौत के सही कारणों का पता चल सके। पुलिस ने आरोपी पति निराला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। एएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विवाद के बाद जहर खाने का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायके पक्ष के आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha