
मुजफ्फरपुर बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित चंदवारा इलाके में बुधवार देर शाम मनचले की दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे युवक ने किशोरी के साथ सरेराह छेड़खानी की और उसे जबरन अपने घर खींचकर ले जाने की कोशिश की। किशोरी द्वारा हिम्मत दिखाते हुए विरोध करने पर आरोपी ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया और स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
तीन महीने से बच्चियों को कर रहा था तंग, आरोपी कपड़े प्रेस करने का करता है काम
घटना की जानकारी देते हुए पीड़िता के परिजनों ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला आरोपी ललित कुमार कपड़ों में आयरन (प्रेस) करने का काम करता है। वह पिछले करीब तीन महीने से परिवार की तीनों बेटियों का पीछा कर उन्हें लगातार परेशान और छेड़खानी कर रहा था। आरोपी की इस हरकत से पूरा परिवार सहमा हुआ था और बच्चियां भी खौफ के साए में थीं।
परिजनों के अनुसार, बुधवार देर शाम जब तीनों बच्चियां घर के बाहर मौजूद थीं, तभी आरोपी ललित वहां पहुंचा और एक किशोरी को जबरन पकड़कर अपने घर की ओर खींचने लगा। इस दौरान बाकी दो बच्चियां किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागीं और घर पहुंचकर परिजनों को मामले की जानकारी दी।
विरोध करने पर की मारपीट, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किशोरी
जब पीड़िता ने आरोपी के चंगुल से छूटने के लिए विरोध किया, तो आरोपी आगबबूला हो गया और उसने किशोरी के साथ बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। आरोपी के हमले में किशोरी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
गुस्साई भीड़ ने आरोपी को धुना, पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय निवासियों की भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने आरोपी ललित कुमार को मौके पर ही घेरकर पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़िता के परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।















