
राजधानी दिल्ली के साउथ डिस्ट्रिक्ट अंतर्गत मैदानी गढ़ी थाना पुलिस ने हनी ट्रैप, मारपीट, अपहरण और रंगदारी मांगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए एक दंपती (पति-पत्नी) समेत कुल छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित को बंधक बनाकर उसके परिवार से करीब 70 लाख रुपये की मोटी रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने पीड़ित को 23 अगस्त को ही उत्तर प्रदेश के मथुरा से सुरक्षित बरामद कर लिया था, जिसके बाद मुख्य सरगनाओं की तलाश शुरू की गई थी।
ऑनलाइन ऐप से जाल में फंसाया, नेब सराय फ्लैट में बनाया बंधक मामले की शुरुआत 22 अगस्त को हुई, जब पीड़ित के भाई ने मैदानी गढ़ी थाने में उसके अचानक लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जब जांच आगे बढ़ाई, तो चौंकाने वाली बात सामने आई। पीड़ित को गिरोह की एक महिला सदस्य ने ऑनलाइन ऐप के जरिए घरेलू सामान खरीदने के बहाने अपने संपर्क में लिया था। मुलाकात के बाद महिला उसे नेब सराय स्थित एक फ्लैट में ले गई, जहां पहले से मौजूद जितेंद्र यादव उर्फ जीतू और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया और बंधक बना लिया।
टाटा हैरियर में घुमाते रहे, मथुरा के होटल से पुलिस ने सुरक्षित बचाया आरोपियों ने पीड़ित को जबरन टाटा हैरियर गाड़ी में बिठाया और उसे हरियाणा व उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों (पलवल, आगरा और मथुरा) में घुमाते रहे। पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन, तकनीकी सर्विलांस और फील्ड इंटेलिजेंस का विश्लेषण किया, जिससे सुराग मिलते ही 23 अगस्त को पुलिस ने मथुरा के एक होटल में दबिश देकर पीड़ित को सुरक्षित छुड़ा लिया। हालांकि, उस समय आरोपी भागने में सफल रहे थे।
महिपालपुर में घेराबंदी कर पकड़ा गया दंपती, पलवल और दिल्ली से दबोचे गए साथी तकनीकी निगरानी के आधार पर 30 अगस्त को पुलिस को खबर मिली कि वारदात में इस्तेमाल टाटा हैरियर कार महिपालपुर में रेडिसन होटल के पास देखी गई है। पुलिस ने घेराबंदी की, तो गाड़ी में सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर मुख्य आरोपी जितेंद्र यादव उर्फ जीतू और उसकी पत्नी को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों भानु प्रताप, अज्जू सरकार, राहुल उर्फ बिजेंद्र और नवीन उर्फ चिंटू को दिल्ली और पलवल से गिरफ्तार कर लिया।
बैंक खातों का दुरुपयोग, लोन की कोशिश और टॉर्चर का वीडियो बरामद जांच अधिकारी के अनुसार, आरोपियों ने बंधक बनाने के दौरान पीड़ित के क्रेडिट/डेबिट कार्ड, यूपीआई और बैंकिंग सुविधाओं का गलत इस्तेमाल किया। पीड़ित के दस्तावेजों पर लोन लेने का प्रयास भी किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल टाटा हैरियर, दो खिलौना पिस्टल, चाकू, पीड़ित से लूटी गई सोने की चेन (15 ग्राम), पेंडेंट (10 ग्राम) और क्रेडिट कार्ड से खरीदे गए कपड़े बरामद किए हैं। इसके अलावा पीड़ित का मोबाइल, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी और एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं। आरोपियों के मोबाइल से पीड़ित के साथ की गई मारपीट और टॉर्चर का वीडियो भी मिला है।














