
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ की रूपरेखा साझा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में शासन प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष (7 अक्तूबर को) पूरे हो रहे हैं। इस यात्रा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन मिलकर 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक 30 दिवसीय प्रदेशव्यापी अभियान चलाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास तप, साधना, संघर्ष और देश के लिए कुछ कर गुजरने का संकल्प था, जिसका लाभ आज पूरे देश को योग्य नेतृत्व के रूप में मिल रहा है।
सेवा दिवस से होगी शुरुआत, जल यात्राओं का आयोजन
-
17 सितंबर (सेवा दिवस): प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर हर ग्राम पंचायत, नगर निकाय और प्रमुख संस्थानों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। अस्पतालों में फल वितरण और रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
-
बड़नगर-काशी जल यात्रा: प्रधानमंत्री की बड़नगर से काशी तक की यात्रा को समर्पित 10-10 यात्राएं निकाली जाएंगी। बड़नगर का जल काशी लाया जाएगा और यूपी की 10 पवित्र नदियों का जल बड़नगर ले जाया जाएगा। 17 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्तूबर तक चलने वाली इन यात्राओं के मार्ग पर प्रतिदिन चार स्थानों पर चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रम होंगे।
‘सेवा सेतु’ शिविरों से वंचितों तक पहुंचेगी योजनाएं
सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को जोड़ने के लिए 29-30 सितंबर से 10 अक्तूबर के बीच प्रदेश के 826 विकासखंडों और 762 नगर निकायों में ‘सेवा सेतु’ शिविर आयोजित किए जाएंगे।
-
इन शिविरों में स्वास्थ्य, पेंशन, आवास, शौचालय और राशन कार्ड जैसी योजनाओं के लिए मौके पर ही पंजीकरण कराया जाएगा।
-
पंजीकरण के 2-3 दिनों के भीतर सत्यापन कर कार्ड या योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
-
जनप्रतिनिधि भी इन शिविरों में उपस्थित रहेंगे ताकि प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सके।
युवाओं और बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं व इनोवेशन चैलेंज
अभियान के दौरान स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए ‘आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर तीन प्रतियोगिताएं होंगी:
-
कक्षा 5 से 8: चित्रकला प्रतियोगिता।
-
कक्षा 9 से 12: निबंध लेखन प्रतियोगिता।
-
उच्च शिक्षा (विश्वविद्यालय/कॉलेज): भाषण प्रतियोगिता।
चयनित प्रतिभागियों को पंचायत, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, तकनीकी छात्रों और युवाओं के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें रोबोटिक्स, ड्रोन, स्पेस टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप्स को जोड़ा जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ और स्वच्छता अभियान
17 सितंबर से 17 अक्तूबर के बीच मलिन बस्तियों, घाटों, देवालयों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’, गोसेवा, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल और युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। ‘राष्ट्र के रंग, सेवा के रंग और राष्ट्र के संग’ थीम पर रंगोली प्रतियोगिताओं के जरिए देश की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
विरासत और विकास का अनूठा संतुलन
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 के बाद भारत गुलामी की मानसिकता से बाहर निकला है। पहले की सरकारों में योजनाओं का पूरा लाभ गरीबों तक नहीं पहुंचता था, लेकिन आज डीबीटी और जनधन खातों के माध्यम से शत-प्रतिशत राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचती है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की नीतियों से देश में 26 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 6 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती और 2 अक्तूबर को महात्मा गांधी जयंती को भी इस सेवा अभियान से जोड़कर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय सहित अन्य वरिष्ठ नेता और पत्रकार उपस्थित रहे।












