
बंडा / शाहजहांपुर। दिसम्बर माह का तीसरा सप्ताह शुरू हो गया है। इसी के साथ सर्दी ने भी अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिये है। लेकिन नगर पंचायत की तरफ से अभी तक अलाव नहीं जलवाये गये हैं। जिससे बेसहारा लोग ठंड में ठिठुरते नजर आ रहे हैं। गरीब तथा बेसहारा लोग कूड़ा कचरा इकट्ठा कर ठंड को दूर करने का प्रयास करते हैं। लेकिन सुबह शाम होने वाली कंपकंपाने वाली ठंड को कूड़ा-कचरे के सहारे दूर करना मुश्किल होता है। इसके अलावा नगर पंचायत ने रैन बसेरे को भी अभी तक नहीं संचालित नहीं किया गया है। जिससे रात के समय में बाहर से आने वाले लोग खुले में रात गुजारने को बेबस है।
पिछले वर्ष नगर पंचायत की तरफ से पूरनपुर रोड स्थित एक इंटर कालेज में रैन बसेरे को अस्थाई रूप से संचालित किया गया था। लेकिन इस बार बाहर से आने वाले लोगों तथा बेसहारा लोगों के ठहरने के लिए नगर पंचायत ने रैन बसेरे का कोई इंतजाम नहीं किया है। जिस कारण रात के समय में बाहर से आने वाले लोगों को खुले आसमान तले या फिर किसी दुकान के टीनशैड के नीचे रात बितानी पड़ रही है।
कंपकंपाने वाली सर्दी अपना सितम गरीब तथा बेसहारा लोगों को ही ढा रही है। शायद यही वजह है कि नगर पंचायत प्रशासन ने आमजन तथा बेसहारा लोगों के लिए अलाव व रैन बसेरे की व्यवस्था अभी तक नहीं की है। हालांकि अधिशासी अधिकारी रैन बसेरे तथा अलाव की व्यवस्था शीघ्र ही दुरूस्त करने का दावा कर रही है।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी रश्मि भारती ने बताया कि नगर में अलाव के लिए निविदा निकाली गई है। जल्दी ही सार्वजनिक जगहों पर अलाव जलेंगे। इसके साथ स्कूल मे रैन बसेरा संचालित करने के लिए बीएसए को पत्र लिखा है। रैन बसेरा भी शीघ्र ही संचालित किया जायेगा।











