झारखंड के चक्रधरपुर स्टेशन पर सनसनीखेज वारदात: नाबालिग से दुष्कर्म और मारपीट का मामला आया सामने,शादीशुदा युवक झांसा देकर ले गया था गुजरात, एक महीने तक हुआ शोषण

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले स्थित चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन परिसर से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। स्टेशन के सेकंड एंट्री एरिया में एक नाबालिग लड़की के साथ हुई मारपीट के बाद जब सुरक्षा बलों ने उससे पूछताछ की, तो उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) का मामला उजागर हुआ। नाबालिग के बयानों के आधार पर चक्रधरपुर महिला थाने में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद आरोपी पिक्लू प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है।

शादीशुदा युवक झांसा देकर ले गया था गुजरात, एक महीने तक हुआ शोषण

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के सेकंड एंट्री परिसर में डरी-सहमी नाबालिग के साथ कुछ युवकों द्वारा मारपीट की सूचना जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) को मिली थी। पुलिस ने जब लड़की को संरक्षण में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपनी आपबीती सुनाई।

पीड़िता ने बताया कि एक शादीशुदा युवक उसे झांसे में लेकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद उसे करीब एक महीने तक गुजरात में रखा गया, जहां उसके साथ गलत काम किया गया। पीड़िता का आरोप है कि चक्रधरपुर के जोड़ो गांव निवासी पिक्लू प्रधान और उसके दोस्तों ने मिलकर अलग-अलग जगहों व ईंट भट्ठों पर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया।

भूखी-प्यासी थी पीड़िता, आरपीएफ और जीआरपी ने कराया भोजन

घटना वाले दिन आरोपी नाबालिग को चक्रधरपुर स्टेशन पर छोड़कर चला गया था, लेकिन बाद में वह फिर लौटा और लड़की को बुलाया। इसी दौरान वहां कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ और मारपीट की नौबत आ गई।

पूछताछ के दौरान पीड़िता ने अधिकारियों को बताया कि उसने कई दिनों से कुछ नहीं खाया है। पीड़िता की दयनीय हालत देखकर जीआरपी और आरपीएफ अधिकारियों ने पहले उसे खाना खिलाया और फिर सुरक्षात्मक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे चक्रधरपुर महिला थाने के सुपुर्द किया।

एसपी अमित रेनू ने दिए जांच के आदेश, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक (SP) अमित रेनू ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चक्रधरपुर थाना प्रभारी को पूरे मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि पीड़िता को गुजरात कैसे ले जाया गया और इस पूरे आपराधिक नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha