आंध्र प्रदेश में सनसनीखेज वारदात: 10 साल के प्यार में मिला धोखा, सरकारी मास्टर बनते ही बदला प्रेमी, दुखी होकर युवती ने गटका कीटनाशक

कुरनूल । आंध्र प्रदेश के कुरनूल शहर के बुधवारपेट इलाके से एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 10 साल लंबे प्रेम प्रसंग में धोखा मिलने से आहत एक युवती ने कीटनाशक पीकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान मंजुला के रूप में हुई है, जिसने बीएड की पढ़ाई पूरी कर हाल ही में डीएससी (DSC) परीक्षा दी थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सरकारी मास्टर बनते ही वादे से मुकरा प्रेमी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंजुला पिछले दस वर्षों से गोनेगंडला निवासी कृष्णमूर्ति नामक युवक से प्रेम करती थी। दोनों के बीच अटूट रिश्ता था और कृष्णमूर्ति ने मंजुला से शादी करने का पक्का वादा किया था। इस दौरान मंजुला अपनी पढ़ाई पूरी करती रही, वहीं कृष्णमूर्ति का हाल ही में सरकारी शिक्षक (Government Teacher) के पद पर चयन हो गया।

सरकारी नौकरी मिलते ही कृष्णमूर्ति के तेवर पूरी तरह बदल गए। उसने मंजुला से दूरी बनानी शुरू कर दी। जब भी मंजुला उस पर शादी का दबाव बनाती, वह गुस्सा हो जाता। आखिरकार उसने अंत में अलग जाति का हवाला देते हुए शादी करने से साफ इनकार कर दिया। प्रेमी के इस धोखे और बदले रवैये से मंजुला गहरे मानसिक तनाव में चली गई।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

अपने भविष्य को अंधकार में डूबता देख आहत मंजुला ने घर पहुंचकर आत्मघाती कदम उठाया और कीटनाशक पी लिया। परिजनों ने जब उसे अचेत अवस्था में देखा, तो तुरंत कुरनूल के सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों के भरसक प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवती की मौत के बाद से ही उसके माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और स्थानीय इलाके में इस घटना को लेकर गहरा शोक और गुस्सा व्याप्त है।

माता-पिता ने की आरोपी शिक्षक को कड़ी सजा देने की मांग

मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कृष्णमूर्ति ने प्यार के नाम पर उनकी बेटी की जिंदगी बर्बाद की और उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि धोखेबाज प्रेमी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए ताकि उनकी बेटी को न्याय मिल सके।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha