देश की राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिले से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सनलाइट कॉलोनी थाना क्षेत्र के किलोकारी गांव में मणिपुर के 54 वर्षीय सेवानिवृत्त संगीतकार (रिटायर्ड म्यूजिशियन) चोंगथम विक्रम सिंह की लात-घूंसों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। देर रात अपने घर के बाहर डिलीवरी बॉय और स्थानीय ढाबा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे शोर-शराबे का विरोध करना संगीतकार के लिए जानलेवा साबित हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज कर एक नाबालिग समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार व हिरासत में ले लिया है।
घर के बाहर उपद्रव का विरोध करने पर बोला हमला
घटना रविवार देर रात की है। जानकारी के अनुसार, किलोकारी गांव स्थित विक्रम सिंह के घर के बाहर कुछ डिलीवरी बॉय और पास के ढाबे के कर्मचारी तेज आवाज में चिल्ला रहे थे और उपद्रव कर रहे थे। जब 54 वर्षीय विक्रम सिंह ने नीचे उतरकर उन्हें देर रात शोर-शराबा न करने की हिदायत दी, तो आरोपी उग्र हो गए। आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया और लात-घूंसों से लगातार तब तक पीटते रहे जब तक वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर नहीं गिर पड़े।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद पीड़ित के बेटे याइफाबा अपने पिता को लहूलुहान और गंभीर हालत में पास के होली फैमिली अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण इलाज के दौरान विक्रम सिंह ने दम तोड़ दिया। सनलाइट कॉलोनी पुलिस स्टेशन को रविवार रात ही घटना के संबंध में पीसीआर (PCR) कॉल प्राप्त हुई थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मणिपुरी समुदाय में रोष, आरोपियों पर हत्या की FIR
मृतक के रिश्तेदारों और स्थानीय पूर्वोत्तर समुदाय के लोगों ने इस नृशंस हत्याकांड पर गहरा आक्रोश जताया है। सिंह की हत्या के विरोध में दिल्ली में रह रहे मणिपुर के नागरिकों ने कैंडललाइट मार्च निकालकर सख्त सजा की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संबंधित धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक नाबालिग को भी हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।














