कानपुर में दिल दहला देने वाली घटना: प्रेम-विवाह के 4 महीने बाद ही संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत, मां को फोन पर रो-रोकर कहा था— ‘घर आकर सब बताऊंगी’

बिल्हौर (कानपुर)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र में जिस बेटी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर अपनी पसंद के युवक से शादी रचाई थी, शादी के महज चार महीने बाद ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत से ठीक एक रात पहले मृतका ने अपनी मां को रोते हुए फोन किया था और घर आकर अपनी आपबीती सुनाने की बात कही थी। अगले ही दिन ससुराल से उसकी मौत की खबर आई, जिससे मायके में कोहराम मच गया। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत पांच ससुराल वालों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

हादसे के बाद परिवार ने मना किया, पर प्यार के आगे झुका था परिवार

चौबेपुर थाना क्षेत्र के सिंहपुर मुड़हर गांव निवासी रमाकांत पांडेय ने बताया कि उनकी बेटी रमा की शादी बीते 5 मई को बिल्हौर के सुजावलपुर भढ़िया निवासी गणेश शंकर तिवारी से हुई थी। शादी से ठीक पहले गणेश शंकर एक भीषण सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिससे उसके हाथ-पैर में कई फ्रैक्चर आए थे। लड़के की हालत देखकर परिजनों ने शादी से साफ इनकार कर दिया था। लेकिन रमा अपनी जिद पर अड़ी रही और कहा कि ‘हादसा किसी के साथ भी हो सकता है।’ बेटी के फैसले के आगे परिजनों को झुकना पड़ा और धूमधाम से दोनों का विवाह संपन्न हुआ।

बुलेट मोटरसाइकिल के लिए प्रताड़ना और जहर देकर हत्या का आरोप

रमाकांत का आरोप है कि शादी के एक महीने बीतते ही ससुराल वालों का असली चेहरा सामने आ गया। अतिरिक्त दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर रमा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। शुक्रवार को जब मायके वालों को रमा की मौत की सूचना मिली, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। रमा का शव कमरे में बेड पर पड़ा हुआ था। ससुराल पक्ष का दावा था कि उसकी मौत बीमारी की वजह से हुई है, जबकि मायके वालों ने साफ आरोप लगाया है कि उसे जहर देकर मारा गया है।

पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं, विसरा प्रिजर्व; 5 पर केस दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी अंकित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने न आने के कारण डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित (Preserve) रख लिया है, जिसे जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। एसीपी अंकित कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर पर पति गणेश शंकर, चाचा ससुर कमल तिवारी, चाची सास राजकुमारी, जेठानी पूजा और चचेरी ननद तृप्ति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha