
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 25 वर्षीय एक युवक ने अपनी प्रेमिका से वीडियो कॉल पर बात करते हुए आत्महत्या कर ली। युवक बाइक से जालिम खेड़ा गांव के पास जंगल में गया, जहां उसने पहले कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिया और फिर अवैध पिस्टल से अपनी बाईं कनपटी पर गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस युवक को आनन-फानन में लोकबंधु अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रायसिंह खेड़ा निवासी करन यादव (25) के रूप में हुई है।
ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकला था करन, जंगल में मिला अचेत
पुलिस के अनुसार, करन यादव पेशे से ड्राइवर था और वृंदावन कॉलोनी में एक व्यक्ति की कार चलाता था। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह अपने परिजनों से ड्यूटी पर जाने की बात कहकर बाइक से घर से निकला था। दोपहर करीब 1 बजे जालिम खेड़ा गांव के पास जंगल किनारे से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क से 100 मीटर अंदर एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास ही उसकी बाइक खड़ी थी। युवक के मुंह से झाग निकल रहा था और कनपटी से खून बह रहा था। राहगीरों की सूचना पर बिजनौर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और करन को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
क्राइम सीन से मिलीं दवा की शीशियां और पिस्टल, दोस्तों को भेजा था मैसेज
बिजनौर पुलिस ने घटनास्थल की गहनता से जांच की, जहां से एक अवैध पिस्टल, पानी और कोल्डड्रिंक की खाली बोतलें, एक डिस्पोजल गिलास और जहरीली दवा की दो खुली शीशियां बरामद हुई हैं। परिजनों में उसकी मां केशाना और दो बड़े भाई रंजीत व सोनू हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
बिजनौर प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम के मुताबिक, जांच में यह बात सामने आई है कि करन का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना के वक्त वह उसी युवती से वीडियो कॉल पर जुड़ा हुआ था। कॉल के दौरान ही उसने प्रेमिका को पिस्टल दिखाई और जहर पीकर खुद को गोली मारने की बात कही। इसके अलावा उसने घटना से एक रात पहले अपने दोस्तों को भी वॉट्सएप पर मैसेज भेजकर लिखा था कि “मैं बहुत परेशान हूं, अब तुम लोगों से कभी बात नहीं कर पाऊंगा।” पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।











