बांदा में ‘शोले’ स्टाइल ड्रामा: प्रेमिका से शादी की जिद में केन नदी के रेलवे पुल पर चढ़ा युवक, युवती के आते ही उतरा, पुलिस ने भेजा जेल

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी करने की जिद को लेकर केन नदी पर बने ऊंचे रेलवे पुल पर जा चढ़ा। युवक का यह हाईवोल्टेज ड्रामा करीब दो घंटे तक चलता रहा। नजारा कुछ-कुछ मशहूर फिल्म ‘शोले’ के वीरू जैसा नजर आ रहा था, फर्क सिर्फ इतना था कि यह कोई फिल्मी सीन नहीं बल्कि भूरागढ़ स्थित केन नदी पुल पर घटित एक वास्तविक घटना थी। युवक की मांग थी कि जब तक उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया जाता और उससे शादी का आश्वासन नहीं मिलता, वह नीचे नहीं उतरेगा।

परिजनों की नाफरमानी से नाराज होकर उठाया कदम मिली जानकारी के मुताबिक बांदा शहर के चमरौडी निवासी विकास शर्मा का शहर की ही एक युवती के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। विकास उससे शादी करना चाहता था, लेकिन परिजनों की रजामंदी न मिलने के कारण वह बुरी तरह आहत और नाराज था। इसी नाराजगी के चलते शुक्रवार सुबह करीब छह बजे वह मटौंध थाना क्षेत्र में भूरागढ़ के पास केन नदी के रेलवे पुल के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया और नीचे कूदने की धमकियां देने लगा।

मौके पर पहुंची पुलिस, गोताखोरों और नाविकों को किया गया तैनात युवक के पुल पर चढ़ते ही केन नदी के आसपास हड़कंप मच गया और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने तत्काल पुलिस टीमों को मौके पर रवाना किया। भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार, जेल चौकी प्रभारी प्रदीप सोनी और कालवन गंज चौकी प्रभारी शुभम कौशिक की टीम ने युवक से लगातार बातचीत कर उसे शांत करने की कोशिश की। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए पुलिस ने फौरन नदी में गोताखोरों और नाविकों को भी तैनात कर दिया।

प्रेमिका के सामने आते ही शांत हुआ गुस्सा, सुरक्षित उतरा नीचे पुलिस की तमाम मिन्नतों के बावजूद विकास अपनी मांग पर अड़ा रहा और साफ कहा कि प्रेमिका के बिना वह नीचे कदम नहीं रखेगा। आखिर में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने युवती को मौके पर बुलवाया। जैसे ही प्रेमिका पुल के पास पहुंची, युवक का गुस्सा शांत हुआ और वह आखिरकार सुरक्षित नीचे उतर आया। करीब दो घंटे से चल रहे इस सांस रोक देने वाले ड्रामे के खत्म होने पर पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली।

यूट्यूबर है युवक, पूर्व दर्ज मामले में चल रहा था वांछित: पुलिस मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज ने बताया कि युवक विकास शर्मा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वीडियो बनाने का काम करता है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली नगर में पूर्व से ही एक आपराधिक मामला पंजीकृत था, जिसे उसकी ही एक पूर्व सहयोगी ने दर्ज कराया था। विकास इस मामले में काफी समय से वांछित चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में थी। पुल से सकुशल उतारने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजने की अग्रिम कानूनी कार्रवाई पूरी की।

 

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha