
नैमिषारण्य-सीतापुर। आज सुबह तेज आंधी और बारिश के चलते नैमिषारण्य तीर्थ में जहाँ स्थानीय लोगो को गर्मी से कुछ राहत मिली वहीं तीर्थ में कुछ जगह जलभराव की समस्या भी उभर आई। मौसम की इस बेरुखी से तीर्थ से सटे ग्रामीण इलाकों में भी खेतों में पड़े गेहूं और भूसे को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है।
आज तेज आंधी और बारिश से आम की फसल करने वाले किसानों को भी झटका लगा है। तेज हवा और बारिश के चलते जहां आम की फसल को नुकसान पहुंचा है वहीं अगर हम क्षेत्र में आम की बेल्ट कहे जाने वाले औरंगाबाद के बागवान सलीम कुरैसी, आकाश अवस्थी, मुन्ना कुरैशी, आसिफ खान आदि लोगों की माने तो इस बिगड़े मौसम से जहां बड़ी संख्या में कच्चा आम असमय गिर ही गया है जिसे बेहद कम दाम पर बेचना घाटे का सौदा साबित हो रहा है और इसके बाद जो भी फसल बची है वह भी उतनी अच्छी नहीं कही जा सकती।
बागवानों के अनुसार इस आंधी पानी के चलते इस बार आम की कुल उपज में 25 प्रतिशत से 30 प्रतिशत का नुकसान हुआ है। ऐसी मंहगाई के दौर में आज हुई बेमौसम आंधी और बरसात से क्षेत्र के किसानों और बागवानों के भी चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा सकती हैं ।










