
Gurugram : मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विजेता एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) सेक्टर-43 की टीम ने शुक्रवार को इस हाई-प्रोफाइल मामले के छठे आरोपी को दबोच लिया है। गिरफ्तार किया गया आरोपी 31 वर्षीय भविष्य दहिया है, जो रोहतक के सेक्टर-34 सनसिटी का रहने वाला है। पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में जो खुलासा हुआ है, उसने सबको चौंका दिया है। कभी एल्विश यादव का बेहद करीबी रहा भविष्य ही इस पूरी खूनी साजिश का मास्टरमाइंड निकला।
कभी थे बिजनेस पार्टनर, फिर रुपयों के लालच ने बना दिया जानी दुश्मन
पुलिस की तफ्तीश में आरोपी भविष्य दहिया और एल्विश यादव के रिश्तों को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। पूछताछ में पता चला है कि भविष्य दहिया और एल्विश यादव पहले कभी बिजनेस पार्टनर हुआ करते थे। दोनों मिलकर काम करते थे, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर गंभीर वित्तीय विवाद खड़ा हो गया। इसी वित्तीय विवाद और रुपयों के लालच में आकर भविष्य दहिया ने एल्विश को सबक सिखाने की ठान ली। उसने एक अन्य सह-आरोपी के साथ मिलकर एल्विश के घर पर हमला करने का खौफनाक प्लान तैयार किया और शूटरों की मदद से इस वारदात को अंजाम दिलवाया।
सुबह-सवेरे हिला देने वाली वारदात: गेट और पहली मंजिल पर बरसाईं 24 गोलियां
यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर यह सनसनखेज हमला गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाना इलाके में हुआ था। सुबह लगभग 5:25 बजे जब पूरा इलाका सो रहा था, तभी एक बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात हमलावरों ने एल्विश के घर को निशाना बनाया। हमलावरों ने घर के ग्राउंड फ्लोर, मुख्य गेट और पहली मंजिल की तरफ देखते ही देखते करीब 24 राउंड ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद बाइक सवार शूटर मौके से रफूचक्कर हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल से खाली खोखे बरामद किए गए।
सीसीटीवी फुटेज से बेनकाब हुए हमलावर, अब तक 6 गिरफ्तार
वारदात के बाद पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें हमलावर बाइक से आते और बेरहमी से गोलियां बरसाकर भागते हुए साफ नजर आए। इसी पुख्ता तकनीकी सबूत के आधार पर सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में कड़ियां जोड़ते हुए पहले पांच आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा और अब शुक्रवार को छठे मुख्य आरोपी भविष्य दहिया को भी गिरफ्तार कर लिया है।
एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एल्विश यादव के घर फायरिंग मामले में अब तक हमारी टीमें छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं। इस साजिश के पीछे जुड़े अन्य कड़ियों और पैसों के नेटवर्क को लेकर आरोपी भविष्य दहिया से गहन पूछताछ की जा रही है, और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।













