
नई दिल्ली : जाफराबाद थाना पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के आधार पर कार्रवाई करते हुए इंस्टाग्राम पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वाले एक स्नैचर और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। इस कार्रवाई से लूट और स्नैचिंग के दो मामलों का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, “ballu_dada_jafrabadi_” नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक युवक द्वारा अवैध हथियारों के साथ वीडियो और स्टोरी पोस्ट किए जाने की जानकारी मिली थी। जांच के बाद 10 जुलाई को पंचवटी पार्क, घोंडा चौक के पास छापेमारी कर 22 वर्षीय अरमान, निवासी अंकुर विहार (लोनी, गाजियाबाद), को गिरफ्तार किया गया। उसकी तलाशी में एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में जाफराबाद थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में अरमान ने 23 जून की एक लूट तथा 9 जुलाई की मोबाइल स्नैचिंग की वारदात में अपने 19 वर्षीय साथी रिहान के साथ शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने रिहान को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया।
जांच के दौरान अरमान के मोबाइल फोन से चाकू और अवैध हथियारों से संबंधित वीडियो भी मिले हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। दोनों आरोपियों का अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं।












