
आगरा। ताजनगरी आगरा के सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सिकंदरा सब्जी मंडी के पास स्थित पेट्रोल पंप के बगल में नाले की खुदाई और निर्माण कार्य के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और पास बनी नाले की दीवार भी भरभराकर गिर पड़ी। हादसे के वक्त काम कर रहे तीन मजदूर मलबे और भारी मिट्टी के नीचे दब गए। इस घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, दो को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। साथ काम कर रहे साथी मजदूरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद ही राहत व बचाव कार्य में जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मजदूरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 30 वर्षीय अनुज (निवासी मुजफ्फरनगर) और 22 वर्षीय विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे मजदूर सुशील का इलाज जारी है, जिसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल, ठेकेदार मौके से फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों (Safety Norms) की अनदेखी का मामला सामने आ रहा है। पुलिस यह जांच कर रही है कि इतनी गहरी खुदाई के बावजूद बचाव के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे। हादसे के बाद से ही कार्य करा रहा ठेकेदार मौके से फरार बताया जा रहा है।
परिजनों में कोहराम, पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने दोनों मृत मजदूरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद तहरीर के आधार पर ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।











