
भास्कर समाचार सेवा
फिरोजाबाद – थाना मक्खनपुर क्षेत्र के गांव इंदुमई में पूर्व प्रधान कमलेश कुमार के दो बेटे फिरोजाबाद जिला कारागार में बंद हैं। शुक्रवार को बीमारी के चलते पूर्व प्रधान कमलेश कुमार की मौत हो गई थी। पूर्व प्रधान की मौत होने पर पत्नी ने बेटों से अंतिम संस्कार कराने के लिए पैरोल की मांग करते हुए अदालत में प्रार्थना पत्र दिया।
अदालत द्वारा पैरोल प्रार्थना पत्र को निरस्त करने पर पत्नी ने अपने पति के शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। पत्नी का कहना है कि पिता की मौत के बाद पुत्र ही अंतिम संस्कार करता है। लेकिन प्रशासन द्वारा पुत्रों को पैरोल नहीं दी जा रही है। उसने कहा बेटों के आने के बाद ही शव का अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
तीन दिन से गांव में रखे शव की जानकारी होने पर थाना मक्खनपुर पुलिस गांव में पहुंची और पत्नी विमलेश के साथ उनके परिजनों को समझाया। पुलिस द्वारा समझाने पर रविवार को शव का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार होने पर पुलिस ने राहत महसूस की है।












