
भास्कर समाचार सेवा
मथुरा(राया)कस्बा के व्यापारी मोहल्ला में वांछित की तलाश में दबिश देने गयी पुलिस टीम के साथ जमकर खींचतान हुई व पुलिस पर पथराव भी किया गया। खींचातानी में हेड कॉन्स्टेबल ताहिर इस्लाम के चोट आयी है।
मोटरसाइकिल चोरी के मामले में वांछित चल रहे मुन्ना पुत्र वारिस को पकड़ने के लिए कस्बा प्रभारी रविन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल ताहिर इस्लाम व महिला कांस्टेबल पूनम व्यापारी मोहल्ला पहुँचे थे। जहाँ से वांछित को पकड़ लिया गया। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों विरोध करने लगे। इसी बीच अचानक से पुलिस टीम की साथ खींचातानी होने लगी। जानकारी के अनुसार इस दौरान हेड कांस्टेबल ताहिर को चोट भी आयी। आनन फानन में इसकी सूचना थाना राया पर दी गयी। जिसके बाद थाना प्रभारी ओम हरि बाजपेयी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। इस बीच पुलिस की गाड़ी पर पथराव भी किया गया। थाना प्रभारी ओम हरी बाजपेयी ने बताया कि राया में उर्स के मेला के दौरान मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। जिसको लेकर नवम्बर 2022 में मोटरसाइकिल चोरी का मुकदमा थाना राया में दर्ज हुआ था। जिसमें मुन्ना पुत्र वारिस वांछित चल रहा था। सूचना पर पुलिस पहुँची थी व वांछित को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस पर पथराव करने वालों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।












