‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत देवरिया में 40 लाख पौधरोपण का लक्ष्य, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया शुभारंभ

  देवरिया। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ रविवार को किया गया । 40 लाख पौधरोपण के लक्ष्य के साथ जिलेभर में सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों, तालाबों के किनारों, सार्वजनिक स्थलों और निजी भूमि पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। मुख्य कार्यक्रम बरियारपुर नगर पंचायत में छोटी गंडक नदी के तट पर आयोजित हुआ, जहां प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विधिवत पूजन-अर्चन के बाद पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान जनभागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष 40 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि देवरिया में 40 लाख पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से गांव, खेत, बगीचे, मंदिर, तालाब, अमृत सरोवर और सड़कों के किनारे अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन और स्वच्छ पर्यावरण के लिए वृक्ष जरूरी हैं तथा भावी पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य देने के लिए हर व्यक्ति को पौधरोपण करना चाहिए। कृषि मंत्री शाही ने फलदार वृक्षों के महत्व पर जोर देते हुए आम, कटहल, सहजन और आंवला जैसे पौधे लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि “हर खेत में मेड़ और हर मेड़ पर पेड़” की परंपरा को फिर से अपनाने की आवश्यकता है। साथ ही रासायनिक उर्वरकों का कम उपयोग कर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। सुरेंद्र चौरसिया ने भी प्रत्येक व्यक्ति से अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने की अपील की। उन्होंने गंडक नदी के दोनों किनारों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और उनके संरक्षण पर बल दिया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों, किसानों और अंत्योदय कार्डधारकों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए। स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता रैली निकालकर लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, महिला आयोग की सदस्य रितु शाही, उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment