शिक्षा का मंदिर बना ‘पिकनिक स्पॉट’, 8वीं की छात्रा से TC के बदले मांगी मटन-मछली की पार्टी, जमकर हंगामा

कटिहार। बिहार के कटिहार जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहाँ एक सरकारी स्कूल के शिक्षकों पर आरोप लगा है कि उन्होंने 8वीं कक्षा पास करने वाली छात्रा को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने के बदले ‘लजीज दावत’ की मांग की। छात्रा के परिजनों का आरोप है कि मजबूरी में उन्हें स्कूल परिसर के भीतर ही मटन, मछली और पुलाव जैसे पकवान परोसने पड़े। जैसे ही इस ‘टीसी वाली पार्टी’ की खबर ग्रामीणों को लगी, स्कूल परिसर जंग का मैदान बन गया।

टीसी के बदले मटन-पुलाव: छात्रा ने खोली पोल

आजमनगर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुशहा में पढ़ने वाली छात्रा सबरी खातून ने बताया कि उसने इसी साल 8वीं कक्षा उत्तीर्ण की है। आगे की पढ़ाई के लिए उसे टीसी की जरूरत थी, लेकिन आरोप है कि स्कूल के कुछ शिक्षकों ने इसके बदले पार्टी देने का दबाव बनाया। छात्रा ने बताया कि वह घर से मांस, मछली, पुलाव, चावल, दाल और रोटी बनवाकर स्कूल लाई थी। छात्रा का कहना है कि जब वह शिक्षकों को दावत खिलाकर टीसी लेकर लौट रही थी, तभी ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई और हंगामा शुरू हो गया।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, शिक्षकों ने मानी ‘गलती’

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और शिक्षकों की इस करतूत के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब बच्चों से इस तरह की मांग करना शिक्षा के मंदिर को कलंकित करना है। हंगामे के बीच एक आरोपी शिक्षक ने स्वीकार किया कि स्कूल में भोजन किया गया था। उन्होंने इसे ‘गलती’ बताते हुए कहा कि भोजन करने वालों में दो महिला और एक पुरुष शिक्षक शामिल थे। वहीं, मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद इजहार आलम ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल के प्रधानाध्यापक ने टीसी के बदले पार्टी लेने की कुप्रथा बना रखी है।

बीडीओ और पुलिस ने संभाला मोर्चा, शुरू हुई जांच

मामले ने जब तूल पकड़ा तो आजमनगर बीडीओ सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सरोज कुमार और थाना प्रभारी नीरज कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर शांत कराया। बीडीओ सरोज कुमार ने दोटूक कहा कि सरकारी संस्थान में इस तरह की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस ‘मटन-मछली’ वाली टीसी की चर्चा पूरे बिहार में हो रही है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment