

मेहंदी हसन / भास्कर समाचार सेवा
बागपत। प्रदेश भर में चल रहें मिशन लाइफ स्टाइल फॉर इन्वॉरर्नमेंट अभियान के प्रचार-प्रसार एवं जनसहभागिता अभियान के तहत पुलिस लाइन सभागार में बागपत पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय की धर्मपत्नी व वामासारथी अध्यक्षा संपदा द्वारा महिला पुलिस कर्मियों व पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों को पर्यावरण संरक्षण करने को लेकर बैठक का आयोजन कर जागरुक किया गया। इस मौके पर वामा सारथी अध्यक्ष संपदा ने कहा कि जीवन में एक पेड़ अवश्य लगाएं क्योंकि शुद्ध पर्यावरण से ही हम सब आज राहत की सांस ले रहे हैं उन्होंने कहा कि प्रदूषण को मात देने के लिए ज्यादा से ज्यादा पेड़ पौधों का होना जरूरी है।इस मोके पर बागपत पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय की धर्मपत्नी व वामासारथी अध्यक्षा संपदा ने बताया की पेड़ पौधे मानव जीवन को न केवल जीने के लिए ऑक्सीजन प्रदान करते हैं बल्कि इनसे निकलने वाली सकारात्मक ऊर्जा हमारे जीवन में पॉजिटिव एनर्जी भरते हैं। परंतु बहुत कम लोग हैं जो मानव जीवन में इसकी अहमियत को जानते हैं। पेड़-पौधे के बिना प्रकृति किसी वीराने से कम नहीं मानी जाती और हमारी प्रकृति की सुंदरता पेड़-पौधों पर निर्भर है। इनके बिना प्रकृति वीरान लगती है। पेड़-पौधों का महत्व हम सभी जानते तो हैं लेकिन फिर भी हम इन बातों पर कुछ विशेष ध्यान नहीं देते हैं। अगर हम इतिहास उठाकर देखें तो प्राचीन काल से मनुष्य और जीव-जंतु पेड़-पौधों पर निर्भर हैं। पाषाण युग में तो आदिमानव कंद-मूल, पेड़-पौधे के पत्ते, फल और डालियां खाते थे। तब मनुष्य को सभ्यता के बारे में कोई भी ज्ञान न था। पेड़ों से आदिमानव अपने शरीर को ढंकता था। पेड़ों पर अपना आश्रय ढूंढ लेता था जंगली जानवरों से बचने के लिए वह पेड़ों पर चढ़ जाता था। मनुष्य के जीवन में पेड़ों का महत्व ‘जल बिन मछली’ जैसा है। पेड़ों से हमें छाया, मीठे फल, औषधि तथा लकडिय़ां प्राप्त होती हैं। आज मनुष्य अपने स्वार्थ को पूरा करने के लिए बिना सोचे-समझे पेड़ों को काट रहा है।उसे इस बात का अंदाजा नहीं है कि वह अपना और अपनी प्रकृति का कितना बड़ा नुक्सान कर रहा है। प्राचीन काल से ही वृक्षों ने ही मानव जाति को कई प्राकृतिक आपदाओं से बचाया है। तेज बारिश और तेज धूप से मनुष्य की रक्षा की है।मनुष्य अपने घरों, कारखानों, स्कूलों एवं शॉपिंग माल बनाने के लिए वृक्षों की कटाई कर रहे हैं। कई पेड़ रोजाना काटे जाते हैं लेकिन पेड़ लगाने के विषय में लोग कम सोचते हैं। पेड़-पौधे प्रकाश संश्लेषण का कार्य करते हैं जिसे अंग्रेजी में ‘फोटोसिंथेसिस’ कहा जाता है। हम मनुष्य कार्बन डाईआक्साइड छोड़ते हैं जो पौधे सोख लेते हैं, उसके साथ जल और सूरज की किरणों की आवश्यकता होती है। पौधे प्रकाश संश्लेषण से आक्सीजन का निर्माण करते हैं।













