भास्कर समाचार सेवा
आगरा। आगरा छावनी विधानसभा सीट से दूसरी बार विधायक बने डॉ जी एस धर्मेश वैसे तो लगातार चर्चा में रहते हैं , पर इस बार वो एक व्यापारी पर मुकदमा दर्ज करवा कर चर्चा में हैं। विधायक ने अपना नाम लिखा बोर्ड उखाड़ कर कूड़े में फेंकने का आरोप लगाकर अपमानित करने और प्रोटोकाल उल्लंघन का आरोप लगाकर एक व्यापारी पर मुकदमा दर्ज कराया है।
यह है पूरा मामला
विधायक जी एस धर्मेश ने आरोप लगाया है की ग्वालियर रोड के पास डिफेंस स्टेट पानी की टंकी के पास उनके नाम का बोर्ड लगा हुआ है। बोर्ड देखकर जनता उनका घर आसानी से ढूंढ लेती थी और घर आकर परेशानी बता लेती थी। डिफेंस स्टेट फेस 1 निवासी संजय सचदेवा ने जानबूझकर द्वेष भावना से उनका नाम लिखा बोर्ड उखाड़ कर कूड़े में उल्टा फेंक दिया। प्रमुख सचिव से बड़ा प्रोटोकालविधायक डॉ जी एस धर्मेश का कहना है की पिछली सरकार में वो राज्य मंत्री थे और अभी विधायक हैं। एक विधायक का प्रोटोकॉल शासन के
प्रमुख सचिव से बड़ा होता है,
संजय सचदेवा के द्वारा जानबूझकर उनका अपमान किया है, उनके इस कृत्य से मेरी छवि को धक्का लगा है।
विधायक की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
विधायक डॉ जी एस धर्मेश की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 427 और 500 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थाना सदर प्रभारी नीरज के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
चर्चा में रहते हैं विधायक
बता दें की भाजपा के विधायक डॉ जी एस धर्मेश लगातार चर्चा में रहते हैं, अभी हाल ही में सदर थाने में एक दरोगा से उनका विवाद चर्चा में आया था, कई बार वो अपने थाने में धरने में बैठ चुके हैं। कई बार अपने बयानों से भी विधायक चर्चा में रहे हैं।













