कोलकाता/दिल्ली: पश्चिम बंगाल की सियासत में ‘कमल’ खिलने के बाद अब नई सरकार के गठन की तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गई हैं। 15 साल के ममता राज के खात्मे के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए एक ऐतिहासिक दिन को चुना है। बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने एलान किया है कि आगामी 9 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह तारीख इसलिए खास है क्योंकि इसी दिन गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती (पच्चीसे बैसाख) भी है।
सीएम की रेस में कौन सबसे आगे? शुभेंदु के नाम की गूंज
बंगाल की ऐतिहासिक जीत के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि राज्य की कमान किसके हाथों में होगी? मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे पहला और मजबूत नाम शुभेंदु अधिकारी का चल रहा है। शुभेंदु ने न केवल भवानीपुर में ममता बनर्जी को 15 हजार से ज्यादा वोटों से शिकस्त दी है, बल्कि पूरे चुनाव में पार्टी के फ्रंटमैन बनकर उभरे हैं। शुभेंदु के अलावा सीएम की लिस्ट में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, समिक भट्टाचार्य, अग्निमित्रा पॉल और रूपा गांगुली जैसे दिग्गज चेहरों के नाम भी चर्चा में हैं। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि भाजपा किसी चौंकाने वाले नाम पर भी मुहर लगा सकती है।
#WATCH | Kolkata | BJP State President Samik Bhattacharya says, "The oath-taking ceremony of the new Chief Minister of West Bengal will take place on 9th May…" pic.twitter.com/KVyR0AwN5y
— ANI (@ANI) May 5, 2026
आज दिल्ली में फाइनल फैसला: हाईकमान के साथ बड़ी बैठक
मुख्यमंत्री के चेहरे पर अंतिम मुहर लगाने के लिए आज देश की राजधानी दिल्ली में भाजपा की एक बेहद अहम बैठक होने जा रही है। बंगाल संगठन प्रभारी सुनील बंसल ने पुष्टि की है कि वे सीएम पद पर चर्चा के लिए दिल्ली रवाना हो रहे हैं। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ शुभेंदु अधिकारी के भी शामिल होने की संभावना है। माना जा रहा है कि आज शाम तक बंगाल के ‘कैप्टन’ का नाम फाइनल हो जाएगा।
206 सीटों के साथ भाजपा का प्रचंड बहुमत, टीएमसी 100 के नीचे
निर्वाचन आयोग के अंतिम आंकड़ों ने बंगाल में भाजपा की सुनामी की पुष्टि कर दी है। राज्य की 293 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 206 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं, 2011 से सत्ता पर काबिज तृणमूल कांग्रेस (TMC) का सूपड़ा साफ हो गया है और पार्टी महज 81 सीटों पर सिमट गई है। अन्य दलों की बात करें तो कांग्रेस और हुमायूं कबीर की AJUP को 2-2 सीटें मिली हैं, जबकि लेफ्ट (CPI-M) और AISF के खाते में 1-1 सीट आई है। फाल्टा सीट पर दोबारा मतदान 21 मई को होना है।
टैगोर जयंती पर शपथ: बंगाली अस्मिता को साधने की कोशिश
9 मई यानी गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर शपथ ग्रहण करने का फैसला भाजपा का एक बड़ा मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। इसके जरिए पार्टी बंगाल की जनता को यह संदेश देना चाहती है कि वह ‘सोनार बांग्ला’ के सपने और बंगाल की संस्कृति को प्राथमिकता दे रही है। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड या राजभवन में होने वाले इस भव्य समारोह में केंद्र सरकार के कई बड़े मंत्रियों और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है।















