
भास्कर समाचार सेवा
गोवर्धन। राधाकुंड छटीकरा मार्ग स्थित मुखराई चौराहा के समीप सड़क किनारे रखे एक दर्जन से अधिक चाय के खोखों में बीती रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। वहां रखे गैस सिलेंडर एक के बाद एक फटने के धमाकों की आवाज से आस पास क्षेत्र के लोग सहम उठे। मुखराई और राधाकुंड के ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। सिलेंडर के धमाकों की आवाज से सहमे ग्रामीण और पुलिस कर्मी करीब एक घंटे तक घटना स्थल से 500 मीटर दूरी पर खड़े रहे। सिलेंडरों के फटने के उपरांत दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आग में जलकर हजारों रुपए का नुकसान हो चुका था।
गौरतलब है कि राधाकुंड छटीकरा मार्ग सड़क किनारे कमल बघेल, विक्रम, भूरा, चंद्रपाल चौधरी सहित राधाकुंड के अन्य लोगों ने चाय के खोखे खोल रखे हैं। बुधवार की रात करीब 2 बजे अचानक अज्ञात कारणों से चाय के खोखों में आग लग गई। वहां रखे सिलेंडर फटने लगे। सिलेंडर फटने के एक के बाद एक धमाकों की आवाज से राधाकुंड और मुखराई के ग्रामीण सहम गए। गांव में किसी अनहोनी की आसंका व्यक्त करने लगे। कुछ लोगों ने मकानों की छत के ऊपर से देखा कि आगजनी हो रही है। इसके बाद मुखराई के ग्रामीण राधाकुंड छटीकरा मार्ग की ओर दौड़ पड़े। वहां आग के बीच गैस सिलेंडरों के फटने के धमाकों से सहम कर दूर खड़े रहे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने फायर बिग्रेड दमकल कर्मियों को बुलाया। काफी मशक्कत के उपरांत आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि गनीमत ये रही कि जिस समय यह घटनाक्रम हुआ, उस समय वहां कोई तीर्थ यात्री और कोई खोखा चालक मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। चूंकि जहां ये घटनाक्रम हुआ है, वहां तीर्थ यात्रियों का हुजूम रहता है और सैकड़ों गाड़ियों पार्क होती है।
चौकी प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया आग बहुत तेज थी, आग पर काबू पा लिया गया है। कोई जन हानि नहीं हुई है।













