डायमंड हार्बर में ‘खेला’: फाल्टा में EVM के ‘कमल’ पर चिपकाया टेप, BJP का गंभीर आरोप- ‘ये है अभिषेक बनर्जी का…

कोलकाता/डायमंड हार्बर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान दक्षिण 24 परगना की फाल्टा सीट पर जबरदस्त सियासी घमासान छिड़ गया है। भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) और उसके प्रत्याशी जहांगीर खान पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि कई मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के साथ छेड़छाड़ की गई है। भाजपा का आरोप है कि मतदाताओं को रोकने के लिए भाजपा के चुनाव चिह्न के आगे ‘काली टेप’ चिपका दी गई है, ताकि कोई बटन न दबा सके।

अमित मालवीय का हमला: ‘ममता के राज में अपराधी जहांगीर को खुली छूट’

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कुछ वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए ममता सरकार पर तीखा प्रहार किया। मालवीय ने लिखा, “यह घटना बताती है कि आखिर क्यों मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आपराधिक छवि वाले जहांगीर खान का समर्थन करती हैं। फाल्टा के कई बूथों (जैसे हरिडंगा हाई स्कूल, बूथ नंबर 144, 170 और 189) में भाजपा के बटन पर टेप लगा दिया गया है। यह वही ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ है, जिसके जरिए अभिषेक बनर्जी ने अपनी लोकसभा सीट जीती थी।” भाजपा ने इन सभी प्रभावित बूथों पर दोबारा मतदान (Repolling) कराने की मांग की है।

चुनाव आयोग का सख्त रुख: ‘सही पाए गए आरोप तो होगा दोबारा मतदान’

ईवीएम से छेड़छाड़ की इन शिकायतों पर चुनाव आयोग ने तत्काल संज्ञान लिया है। आयोग के अधिकारियों का कहना है कि फाल्टा के कुछ खास बूथों से ऐसी शिकायतें मिली हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में बटन पर टेप लगाने या ईवीएम से किसी भी तरह की छेड़छाड़ के आरोप सही पाए जाते हैं, तो उन केंद्रों पर मतदान रद्द कर दोबारा वोटिंग कराई जाएगी। फिलहाल, केंद्रीय बलों ने उन बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।

‘सिंघम’ बनाम ‘पुष्पा’: आईपीएस अजयपाल शर्मा से भिड़ गए जहांगीर

फाल्टा सीट से टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान वही नेता हैं, जिनके घर हाल ही में उत्तर प्रदेश के मशहूर आईपीएस ऑफिसर और स्पेशल पुलिस ऑब्जर्वर अजयपाल शर्मा पहुंचे थे। मतदाताओं को धमकाने की शिकायतों पर सिंघम फेम ऑफिसर शर्मा ने जहांगीर के परिवार को दो-टूक चेतावनी दी थी कि “अगर कुछ भी गड़बड़ की, तो कायदे से सबक सिखाया जाएगा और फिर बाद में रोना मत।” इस पर पलटवार करते हुए जहांगीर खान ने फिल्मी अंदाज में जवाब दिया था, “अगर वह (अजयपाल शर्मा) सिंघम हैं, तो मैं भी ‘पुष्पा’ हूं… झुकेगा नहीं।”

क्या है ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ जिस पर मचा है बवाल?

भाजपा लगातार आरोप लगाती रही है कि अभिषेक बनर्जी के प्रभाव वाले डायमंड हार्बर इलाके में विपक्षी एजेंटों को बैठने नहीं दिया जाता और मतदाताओं को डरा-धमकाकर वोट डलवाया जाता है। आज फाल्टा में ईवीएम पर टेप मिलने की खबर ने इसी विवाद को फिर से हवा दे दी है। टीएमसी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए इसे भाजपा की हार की बौखलाहट करार दिया है। अब 4 मई के परिणाम ही बताएंगे कि जनता ने किस ‘मॉडल’ पर मुहर लगाई है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment

Are you human? Please solve:Captcha