बंगाल में ‘खेला’ खत्म, तमिलनाडु में थलपति विजय का उदय: जानें असम सहित 3 राज्यों में कौन बनेगा मुख्यमंत्री और कब होगा शपथ ग्रहण?

नई दिल्ली/चेन्नई/कोलकाता। चुनावी राज्यों के नतीजे अब पूरी तरह साफ हो चुके हैं। जहां पश्चिम बंगाल में ‘परिवर्तन’ की लहर ने भाजपा को सत्ता की दहलीज तक पहुंचाया है, वहीं असम में ‘भगवा’ का परचम कायम रहा। सबसे बड़ा धमाका तमिलनाडु में देखने को मिला, जहां थलापति विजय की पार्टी TVK ने द्रविड़ राजनीति के दशकों पुराने किलों को ध्वस्त कर दिया है। अब पूरे देश की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इन राज्यों में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कौन बैठेगा और शपथ ग्रहण का भव्य समारोह कब होगा।

पश्चिम बंगाल: रवींद्र जयंती पर होगा ‘शपथ-उत्सव’

पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद अब सरकार गठन की तैयारी ऐतिहासिक रूप से की जा रही है।

  • शपथ ग्रहण की तारीख: सूत्रों के मुताबिक, 9 मई को रवींद्र जयंती (टैगोर जयंती) के शुभ अवसर पर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है। पीएम मोदी ने पहले ही बैरकपुर की रैली में इसके संकेत दे दिए थे।

  • कौन बनेगा मुख्यमंत्री? सीएम की रेस में सुवेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे है। हालांकि, पार्टी आलाकमान दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल और निशीथ प्रामाणिक जैसे चेहरों पर भी विचार कर रहा है। भाजपा महासचिव सुनील बंसल दिल्ली में अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ बैठक कर नाम पर अंतिम मुहर लगाएंगे।

असम: क्या फिर मचेगा हिमंता बिस्वा सरमा का जलवा?

असम में 126 में से 102 से ज्यादा सीटें जीतकर भाजपा ने क्लीन स्वीप किया है। यहाँ नेतृत्व को लेकर संशय कम ही नजर आ रहा है।

  • शपथ ग्रहण की तारीख: मई के दूसरे सप्ताह में। हिमंता बिस्वा सरमा ने खुद पुष्टि की है कि अगले 2-3 दिनों में तारीख तय हो जाएगी।

  • कौन बनेगा मुख्यमंत्री? हिमंता बिस्वा सरमा का दोबारा सीएम बनना लगभग तय माना जा रहा है। जेपी नड्डा और नायब सिंह सैनी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है, जो जल्द ही विधायक दल की बैठक में सरमा के नाम का औपचारिक ऐलान करेंगे।

तमिलनाडु: विजय का ‘सुपरहिट’ डेब्यू, 7 मई को बन सकते हैं सीएम

तमिलनाडु में द्रविड़ राजनीति के 60 साल पुराने इतिहास को चुनौती देते हुए अभिनेता विजय ने ‘किंग’ की भूमिका हासिल कर ली है।

  • शपथ ग्रहण की तारीख: राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि विजय 7 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उनके साथ करीब 9 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं।

  • बहुमत का समीकरण: विजय की पार्टी TVK 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी है, लेकिन बहुमत (118) से 10 सीट दूर है। माना जा रहा है कि कांग्रेस या अन्य वामपंथी दल ‘किंगमेकर’ की भूमिका निभाते हुए विजय को समर्थन दे सकते हैं। विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल से समय मांगा है।

खबरें और भी हैं...

Leave a Comment